उत्तर प्रदेशबिहार

आंधी ने खगड़िया के गांवों में मचाई तबाही, बिहार में लौटी सर्दी

पटना में तो शनिवार को मौसम कुछ ठीक रहा, लेकिन सर्दी लौट आई है। वहीं पूर्व बिहार के कई जिलों में शनिवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। खासकर भागलपुर में काफी बारिश हुई है, जबकि खगड़िया में शाम में आई तेज आंधी से काफी क्षति पहुंची है। खगड़िया के ग्रामीण क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ी वालों को काफी प्रॉब्लम हुई है। कई घरों के छप्पर उड़ने की खबर आ रही है। उधर जमुई में भी बारिश हुई है।

जानकारी के अनुसार खगड़िया के अलौली में आंधी से एक दर्जन फूस के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। शनिवार की सुबह हुई मूसलधार बारिश के बाद शाम में तेज आंधी आ गई। इससे रामपुर अलौली गांव के बिंदेश्वरी यादव के चदरे का घर क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि, बदला-कराचीन तटबंध (कोसी बांध) के किनारे अवस्थित एक दर्जन से अधिक फूस के घर आंधी में नष्ट हो गए। तीन टेंपो को भी नुकसान पहुंचा है।

आंधी में कोसी बांध किनारे अवस्थित बिंदेश्वरी यादव, योगी सिंह, विशु सिंह, अशर्फी सिंह, बनारसी महतो, सतीश कुमार, सुबोध कुमार, सौगारथ सिंह के फूस के घर उजड़ गये। मकई की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

उधर जमुई से आ रही खबर के अनुसार सिकंदरा में शनिवार को दोपहर तक बारिश होती रही। वहीं शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हाल था। इस रिमझिम बरसात ने जहां सर्दी बढ़ा दी है, वहीं बाजार को कीचड़मय कर दिया है। ग्रामीण इलाकों की सड़कें तालाब बन गयी हैं।

बता दें ​कि आज भागलपुर में भी ठीक-ठाक बारिश होती रही। बारिश की वजह जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी को बताया जा रहा है। वहीं इस बारिश ने एक बार शहर को ठंड की चपेट में ला दिया है।

Related Articles

Back to top button