बिहार

रामविलास पासवान जाएंगे राज्यसभा, अमित शाह ने कर दिया है ऐलान

लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान राज्यसभा जाएंगे। इसकी रविवार को दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इसका ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी 2019 में लोजपा 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामविलास पासवान के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा सांसद चिराग पासवान भी मौजूद रहे।  

दरअसल बिहार एनडीए की सीटों का बंटवारा हो गया। इस पर रविवार को दिल्ली में तीनों भाजपा, जदयू और लोजपा की मुहर लग गई। इसे लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आवास पर सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव पहुंचे। लंबी इंतजारी के बाद लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान और उनके बेटे जमुई सांसद चिराग पासवान पहुंचे। इसके बाद सीटों की घोषणा की गई। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा और जदयू के खाते में 17-17 सीटें गई हैं। जबकि लोजपा को 6 सीटें मिली हैं। कौन दल कहां से लड़ेंगे, इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2019 में एनडीए 2014 से भी अधिक सीटें लाएंगी। 

बता दें कि बिहार एनडीए में सीटों के बंटवारे का मामला पहले ही सुलझ गया था। बचे-खुचे पेंच को प्रेस कॉन्फ्रेंस के पहले तीनों दलों की हुई बैठक में सुलझा लिया गया। हालांकि इसे लेकर शनिवार को ही तीनों दलों, भाजपा, जदयू और लोजपा के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी थी, जो कि बाद में टल गयी। बताया गया कि लोजपा नेता मुंबई से दिल्ली नहीं पहुंच सके. रविवार को रामविलास पासवान और चिराग पासवान के दिल्ली पहुंचने के बाद सीटों की घोषणा की गई। जबकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले से ही दिल्ली में मौजूद थे। वहीं रामविलास पासवान के राज्यसभा में भेजे जाने की घोषणा पर नीतीश कुमार ने भाजपा को बधाई दी है।

Related Articles

Back to top button