बिहार

लालू-राबड़ी के घर इस बार दिवाली के बाद छठ पर्व की भी रौनक हुई खत्‍म, वजह है ये

 रविवार से चार दिवसीय अनुष्ठान महापर्व छठ शुरू हो गया है। इस महापर्व नजदीक आते ही सबकी निगाहें पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड पर स्थित राबड़ी आवास पर खिंची चली जाती हैं। चूंकि छठ महापर्व लालू परिवार में हमेशा से धूमधाम से मनाया जाता रहा है। लेकिन, इस बार बदले माहौल में राबड़ी ने कह दिया है कि वे छठ तभी करेंगी, जब दोनों बेटे घर पर साथ रहेंगे।

राबड़ी के इस एेलान के बाद पटना के उस तबके को काफी दुख पहुंचा होगा जो लालू आवास पर होनेवाले छठ का साल भर इंतजार करता रहता है। छठ को लेकर राबड़ी आवास पर लोगों की भीड़ लगी रहती थी। लालू-राबड़ी की सातों बेटियां, दामाद तथा नाती-नातिन सहित सभी नाते-रिश्तेदार छठ की पूजा के लिए घर आ जाते थे । पूरे घर में रौनक रहती थी। पूजा का प्रसाद खाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी। सबको आदर के साथ प्रसाद दिया जाता था। अभी कुछ ही दिन पहले लालू-राबड़ी के घर पर दिवाली पर भी वो खुशी दिखाई नहीं दी जो हर साल दिखाई देती है। इसके बाद अब यहां से छठ की भी रौनक गायब हो चुकी है। राजद और खासतौर पर लालू के समर्थकों के लिए यह उदास करने वाला है। 

राबड़ी देवी खुद चार दिनों का छठ का अनुष्ठान पूरी श्रद्धा के साथ करती थीं। पूरे नियम-निष्ठा के साथ राबड़ी छठ का गेहूं सुखाना हो या प्रसाद बनाना हो, सारा काम खुद किया करती थीं। राबड़ी आवास छठ को लेकर चार दिन पहले से ही गुलजार रहा करता था। लालू यादव भी कहीं रहें, छठ में वो राबड़ी आवास पर ही होते थे। जब राबड़ी गंगा घाट जाकर छठ की पूजा करती थीं तो लालू खुद अपने सिर पर छठ की टोकरी लेकर पैदल जाते थे। 

छठ को लेकर लालू-राबड़ी के बेटे और बेटियों के बीच भी खासा उल्लास रहता था। लोगों को प्रसाद बांटना हो या छठ की खरीदारी करनी हो या प्रसाद का ठेकुआ बनाने में मां का हाथ बंटाना हो, सभी बेटियां मिलकर सारा काम कर लिया करती थीं।

लालू परिवार में साल 2016 में छठ नहीं हुआ था। लेकिन, राबड़ी देवी ने बेटों की शादी के बाद छठ व्रत करने की बात कही थी। राबड़ी देवी ने कहा था कि अब वे छठ व्रत अपने बेटों की शादी के बाद ही आरंभ करेंगी। इसके पीछे कारण यह बताया था कि बेटियों की शादी के बाद छठ में उनका हाथ बंटाने वाले घर के सदस्य कम हो गए हैं। ऐसे में बेटों की शादी के बाद बहुएं आ जाएंगी तो छठ की तैयारियों में आसानी रहेगी।

वहीं, पिछले साल भी हां-ना करते-करते आखिरकार राबड़ी ने छठ किया था। उन्होंने व्रत रखा था और विधि-विधान से छठ की पूजा की थी। तब लालू यादव भी घर में थे। लेकिन, राबड़ी की तबीयत को लेकर वो असमंजस में थे कि राबड़ी छठ कर सकेंगी या नहीं। राबड़ी ने छठ किया।

बदले माहौल में अब राबड़ी देवी की बहू आई भी, लेकिन छठ के पहले तलाक का झमेला खड़ा हो गया है।  जिससे राबड़ी आहत हैं और उनकी तबीयत भी नासाज है। दूसरे कि इस बार लालू यादव भी राबड़ी देवी के पास नहीं हैं, जिन्हें छठ की पूजा कर राबड़ी देवी सबसे पहले टीका लगाया करती थीं। वो लालू इस बार अस्पताल में बीमार पड़े हैं और बेटे की तलाक की जिद से आहत हैं।

Related Articles

Back to top button