उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा

शहर में पांवधोई नदी पर बन रहा खुमरान पुल का जाल गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई और दो जख्मी हो गए। घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुल का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है। हादसे के शिकार मजदूर संभल (चंदौसी) के रहने वाले हैं।

 शहर की लाइफलाइन है यह पुल 

शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाला यह पुल मोरगंज आदि बाजारों को जोड़ता है। इस नदी पर नए पुल का निर्माण काराया जा रहा था। हादसा मंगलवार सवेरे लगभग साढ़े दस बजे हुआ। कई मजदूर पुल के लिए लोहे का जाल बांध रहे थे। उसी दौरान संतुलन बिगडऩे पर जाल नीचे गिर गया। परिणामस्वरूप कई मजदूर उसके नीचे दब गये। हादसा होने के बाद लोगों ने किसी तरह मजदूरों को बाहर निकाला। तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

दो मजदूर मृत घोषित 

वहां दो मजदूरों जयवीर पुत्र भूरे सिंह निवासी दिलगोरा तथा रामकुमार निवासी भैंसरोली, रजपुरा, संभल को मृत घोषित कर दिया गया। घायल बमलेश (25) पुत्र नयन सिंह निवासी चंदौसी व एक अन्य का उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी आलोक पांडेय व एसएसपी दिनेश कुमार घटनास्‍थल पर पहुंचे। नगर विधायक संजय गर्ग ने भी दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस नए पुल के निर्माण के लिए बीती 21 अक्‍टूबर को पुराने पुल को तोड़ दिया गया था। लोक निर्माण विभाग के अनुसार पुल का निर्माण तीन माह में 1.96 करोड़ की लागत से किया जाना है। 

Related Articles

Back to top button