प्रदेशमध्य प्रदेश

MP में टोल प्लाजा पर ट्रक ने गार्ड को कुचला, शव पड़ा रहा और अन्य कर्मचारी रसीद काटने में व्यस्त

कभी- कभी कुछ घटनाएँ हम सब को इतना झकझोर देती है कि लगता है जैसे किसी में इंसानियत बची ही नहीं है। मामला शिवपुरी के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा का है। जहाँ पर शुक्रवार की सुबह एक गार्ड टोल रोड पर लगे बैरिकेड हटा रहा था तभी एक ट्रक ने गार्ड जालम यादव को कुचल दिया। हद तो तब हो गई जब गार्ड का शव करीब दो घंटे तक जस का तस पड़ा रहा और टोल प्लाजा का पूरा स्टाफ रसीदें काटने में व्यस्त रहा।

स्टाफ के किसी भी सदस्य ने इतनी हिम्मत तक न जुटाई कि लोगों की मदद से गार्ड के शव को रस्ते से हटाकर साइड पर रखवा दिया जाये। घटना की जानकारी के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने टोल प्लाजा केबिनों सहित ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी। वहीं इसके चलते करीब ढाई घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया था। लेकिन बाद में पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि गार्ड का कम करने वाले जालम की चार बेटियां हैं जिनमें बड़ी बेटी सात साल और सबसे छोटी बेटी नौ माह की है।

घटना के बारे में मृतक के बड़े भाई दुर्ग ने टोल प्लाजा प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जामल यादव की सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे की शिफ्ट में ड्यूटी सीसी कांटे पर थी। लेकिन टोल प्लाजा प्रबंधन ने जबरन दबाव बनाकर जालम को टोल प्लाजा की लाइन में ड्यूटी लगा दी। उसे पहनने के लिए हेलमेट तक नहीं दिया। बड़े भाई दुर्ग सिंह यादव ने बताया कि, हम चार भाइयों में जालम तीसरे नंबर का था। घर का खर्च वही चलाता था। उसकी चार बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी सात साल और सबसे छोटी बेटी नौ माह की है। परिजन व लोगों का कहना है कि, टोल प्लाजा पर वाहनों से दो दिन में जितना टोल संकलन होता है, वह राशि जालम के परिवार को दी जाए।

साथ ही घटना से गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा पर लाइन के केबिनों के कांच फोड़ दिया और ऑफिस में जाकर भी तोड़फोड़ कर दिया। कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया लेकिन लोग शव को हटाने तैयार नहीं हुए। हालांकि परिजन शव ले जाने के लिए राजी थे। टोल प्लाजा पर सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक दोनों तरफ वाहन जाम में फंसे रहे। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, इस मामले में पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के मैनेजर महेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि, गार्ड का शव बहुत ज्यादा डैमेज हो गया था, जिससे स्टाफ पास जाने से डर रहा था। वहीं टीआई संजय मिश्रा ने बताया कि, ट्रक जब्त कर केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Back to top button