उत्तर प्रदेशजीवनशैलीदेशप्रदेशबड़ी खबरस्वास्थ्य

स्नैक्स टाइम के लिए एकदम परफेक्ट हैं ये मिल्कशेक, जानिए इनकी रेसिपी

मिल्कशेक एक ऐसा पेय है, जो बच्चों से लेकर बड़ों को बेहद पसंद है। हो भी क्यूं न, क्योंकि यह स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक भी होता है। इसका मुख्य कारण है कि मिल्कशेक बनाते समय मुख्य सामग्रियां दूध, फल और सूखे मेवे आदि होते हैं, जो स्वास्थ्य को कई फायदे दे सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे मिल्कशेक की रेसिपी बताते हैं, जिनका सेवन हर कोई बार-बार करना पसंद करेगा।
चीकू मिल्कशेक
सामग्री: दो चीकू, आधा गिलास दूध, दो चम्मच चीनी और कुछ आइस क्यूब (वैकल्पिक)। मिल्कशेक बनाने का तरीका: सबसे पहले दोनों चीकू को धोकर छिल लें। इसके बाद एक ब्लेंडर में छिले हुए चीकू, दूध, चीनी और आइस क्यूब डालकर अच्छे से ब्लेंड करें। अब इस मिश्रण को एक कांच के गिलास में डालें और इसके ऊपर चीकू के कुछ स्लाइस गार्निश करें, फिर इस स्वादिष्ट चीकू मिल्कशेक का सेवन करें।
थाई मिल्कशेक
सामग्री: एक कप ठंडा नारियल का दूध, आधा कप आम का गूदा, दो चम्मच चीनी, एक चौथाई छोटी चम्मच हरी इलायची का पाउडर और कुछ आइस क्यूब (वैकल्पिक)। मिल्कशेक बनाने का तरीका: सबसे पहले एक ब्लेंडर में सभी चीजों को डालकर ब्लेंड करें, फिर इस मिश्रण को गिलास में डालकर इसके ऊपर आम के कुछ स्लाइस गार्निश करें। इसके बाद इस मिल्कशेक का सेवन करें। नोट: अगर नारियल का दूध और आम मीठे हैं तो चीनी का इस्तेमाल न करें।
चोको चिप्स कॉफी मिल्कशेक
सामग्री: दो बड़े स्कूप कुकी डफ आईसक्रीम, आधा कप ठंडा दूध, आधी छोटी चम्मच कॉफी पाउडर, एक चॉकलेट चिप्स कुकी और कुछ आइस क्यूब (वैकल्पिक)। मिल्कशेक बनाने का तरीका: सबसे पहले एक ब्लेंडर में सभी सामग्रियों को डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें। इसके बाद एक कांच के गिलास में चॉकलेट सिरप डालें, फिर इसमें ब्लेंड वाला मिश्रण डालें। अंत में इसके ऊपर बारीक कटे काजू गार्निश करके इसका सेवन करें।
मिक्स ड्राई फ्रूट मिल्कशेक
सामग्री: आधा गिलास दूध, दो चम्मच चीनी, तीन बादाम, चार काजू, तीन पिस्ता, दो छुआरे, दो खुबानी और कुछ आइस क्यूब (वैकल्पिक)। मिल्कशेक बनाने का तरीका: सबसे पहले सारे सूखे मेवों को पानी में लगभग एक घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद सारे भीगे सूखे मेवे पानी से निकालकर ब्लेंडर में डालें, फिर ब्लेंडर में दूध, चीनी और आइस क्यूब डालकर अच्छे से ब्लेंड करें। इसके बाद तैयार मिल्कशेक को गिलास में डालकर पिएं।
अगर आप इन मिल्कशेक को अधिक स्वास्थ्यवर्धक बनाना चाहते हैं तो इन्हें बनाते समय चीनी की बजाय ब्राउन शुगर, मेपल सिरप और शहद जैसी चीजों का इस्तेमाल करें।

Related Articles

Back to top button