दिल्ली एनसीआर

सर्दी से सहमी दिल्ली, टूटा तीन साल का रिकॉर्ड, कई फ्लाइट लेट

दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का प्रकोप शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान इस सीजन में अपने निचले स्तर पर जा पहुंचा। वहीं, न्यूनतम तापमान ने तीन वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गुरुग्राम में रविवार रात का न्‍यूनतम तापमान 1.4 डिग्री तक चला गया, जबकि दिल्‍ली में सुबह का तापमान 3.7 डिग्री तक चला गया। उत्तर की तरफ से आ रही बर्फीली हवा के कारण अगले दो-तीन दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी। ठंडी हवा से लोगों को ठिठुरन ज्‍यादा लग रही है। सुबह आठ बजे तक दिल्ली में कोहरे के कारण दृश्यता 300 मीटर थी।

न्यूनतम तापमान पहुंचा 1.4 डिग्री पर 
गुरुग्राम में रविवार रात का न्‍यूनतम तापमान 1.4 डिग्री तक चला गया। वहीं दिल्ली का अधिकतम तापमान शनिवार को सामान्य स्तर पर 21.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 4.0 डिग्री रहा। इससे पहले इतना कम तापमान 22 दिसंबर 2014 को दर्ज किया गया था। नमी का स्तर 48 से 100 फीसद तक रहा।

अगले दो-तीन और बढ़ेगी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक सुबह और रात को अधिक ठंड ठंड बनी रहेगी। हालांकि दिन में धूप की वजह से कुछ राहत मिलेगी। एक पश्चिमी विक्षोभ भी बन रहा है।

इसके प्रभाव से क्रिसमस के आसपास तापमान में हल्की वृद्धि की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 6 डिग्री रहने की संभावना है।

कारगिल में माइनस 15 डिग्री
जम्मू और श्रीनगर में शुक्रवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात बीती। जम्मू में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि श्रीनगर में पारा माइनस 5.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कारगिल में अधिकतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम माइनस 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बर्फबारी से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग एक तरफा ही चल रहा है। वहीं मुगल रोड करीब दस दिन से बंद है।

मुजफ्फरनगर में पारा शून्य के करीब
मुजफ्फरनगर में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जमाव बिंदु के करीब है। हालांकि दिन में हल्के कोहरे के साथ मंद धूप निकली, फिर भी पूरे दिन ठिठुरन रही। इस सीजन का यह अब तक का सबसे कम तापमान रहा। 2003 के बाद दिसंबर में इतना तापमान कभी नहीं गिरा। 2013 में 30 दिसंबर को पारा 0.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

ठिठुरा समूचा उत्तराखंड 
शीतलहर के प्रकोप से समूचा उत्तराखंड ठिठुर रहा है। शनिवार को भी प्रदेश के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। वहीं, अल्मोडा में बीते एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शनिवार को भी यह माइनस 2.8 डिग्री दर्ज किया गया।

हिमाचल में चढ़ा तापमान
हिमाचल में पहली जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। धूप खिलने से तापमान में ब़़ढोतरी होने पर लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी। प्रदेश में अधिकतम तापमान में बीते चार दिनों की अपेक्षा शनिवार को चार डिग्री सेल्सियस की ब़़ढोतरी दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री और अधिकतम 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ती ठंड के कारण अमृतसर से चंडीगढ़ के बीच पांच फ्लाइटों की रफ्तार पर कोहरे ने ब्रेक लगा दी है।

Related Articles

Back to top button