प्रदेशमध्य प्रदेश

100 दिन पूरे नहीं कर पाया 7.78 करोड़ का पुल, होगी जांच

 मध्यप्रदेश में लोक निर्माण विभाग ने पुल-पुलियाओं की मजबूती जांचने की मुहिम शुरू की है। कई पुलों की बेयरिंग तोड़कर भी देखी जा रही है। मशीन के जरिए नए-पुराने पुलों में दरारें ढूंढी जा रही हैं। इस बीच शनिवार को कूनो नदी पर बने दो पुल तेज बारिश में धराशायी हो गए। इनमें से एक नया पुल पौने 8 करोड़ रुपए की लागत से बना था, जो 100 दिन भी पूरे नहीं कर पाया।

उत्तरप्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पुलों के धराशायी होने के बाद अब मप्र में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुल-पुलियाओं के परीक्षण की मुहिम के बीच ही कूनो नदी पर शनिवार को तेज बारिश के चलते दो पुल बहने से लोनिवि के सेतु डिवीजन की कार्यक्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। कई पुलों पर मशीन के जरिए स्लैब की जांच की जा रही है। मजबूती का परीक्षण करने के लिए कुछ नए-पुराने पुलों की बेयरिंग तोड़कर भी देखी जा रही है।

जांचेंगे 535 पुलों की गुणवत्ता

विभागीय सूत्रों का कहना है कि 535 पुल-पुलियाओं की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इनमें से 68 पुलों में साधारण मरम्मत की जरूरत बताई गई है। इनमें से 15 पुलों की तुरंत मरम्मत कराई गई एवं 6 पुलों पर काम अभी चल रहा है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि मानसून के पहले और बाद में पुलों का नियमित परीक्षण होता है, जिसमें उनकी गुणवत्ता जांची जाती है।

100 दिन पूरे नहीं कर पाया पुल

भारी बारिश के चलते श्योपुर के समीप कूनो नदी पर एक नवनिर्मित एवं एक पुराना पुल धराशायी हो गया। 7.78 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए नए पुल का लोकार्पण तीन महीने पहले ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया था। नया पुल 100 दिन भी पूरे नहीं कर पाया। उसके चार पिलर पानी में बह गए। मामले में भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। पुल ढहने से श्योपुर का ग्वालियर से संपर्क टूट गया है। यह पुल मप्र को राजस्थान से जोड़ता था।

हादसे की जांच के निर्देश

कूनो नदी पर नवनिर्मित पुल के धाराशायी होने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। पूरी रिपोर्ट बुलाई गई है। इस पुल के चार स्पॉन (आधार स्तम्भ) ढह गए। इसी तरह पुराने पुल का एक स्पॉन गिर गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया कि जल स्तर एकाएक बहुत ज्यादा बढ़ने से यह हादसा हुआ। प्रदेश के अन्य पुल-पुलियाओं का भी परीक्षण किया जा रहा है

Related Articles

Back to top button