
इटियाथोक, गोण्डा – विकासखंड इटियाथोक के ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान की शुरुआत आज ब्लॉक सभागार से हुई। ब्लॉक प्रमुख इटियाथोक पूनम द्विवेदी, सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुनील कुमार पासवान व खंड शिक्षा अधिकारी इटियाथोक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी देकर रैली को रवाना किया।
रैली ब्लॉक सभागार इटियाथोक से निकल कर सीएचसी इटियाथोक, शंकर चौराहा, हरैंया झूमन से होते हुए ब्लॉक सभागार पर आकर समाप्त हुई। तत्पश्चात ब्लॉक सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें नवप्रवेशी बच्चों को माला पहनाकर और उपहार देकर स्वागत किया गया। गत फरवरी माह में हुए निपुण आकलन में निपुण घोषित किए गए विकासखंड के कुल 33 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। ब्लॉक प्रमुख पूनम द्विवेदी ने कहा कि यह रैली बच्चों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और उन्हें शिक्षा की ओर प्रेरित करेगी। उन्होंने बच्चों को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इन्हीं नौनिहालों में से कल के डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक निकलेंगे जो देश का गौरव बढ़ाएंगे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभाष शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत गिरजेश पटेल, एडीओएजी मजहर हुसैन, एआरपी दिलीप वर्मा, वैभव त्रिपाठी, दिलीप गुप्ता, विनोद गुप्ता, सौरभ वर्मा, राम अचल, मनोज यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।



