श्रीराम नवमी पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, शांतिपूर्ण आयोजन के दिए निर्देश

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम नवमी के मंगलमय अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दिव्य जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और करुणा सहित समस्त मानवीय मूल्यों का सर्वोच्च प्रतीक है। प्रभु श्रीराम का चरित्र न केवल व्यक्तिगत आचरण को दिशा देता है, बल्कि समाज और शासन व्यवस्था को भी न्याय, समरसता और उत्तरदायित्व की राह पर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का आदर्श कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और यही मूल्य रामराज्य की संकल्पना का आधार है।मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम नवमी का यह पावन पर्व सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ते हुए लोकमंगल, सेवा और परोपकार के भाव को आत्मसात करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें तथा समाज में सद्भाव, सौहार्द और परस्पर सहयोग की भावना को सुदृढ़ करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रीराम नवमी के पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी श्रीराम मंदिरों, पूजा स्थलों एवं धार्मिक परिसरों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन-पूजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन के प्रभावी उपाय और सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस उत्सव को श्रद्धा, उल्लास एवं अनुशासन के साथ मनाएं, सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा प्रदेश की गरिमा और परंपरा के अनुरूप इस पर्व को आदर्श उत्सव के रूप में मनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रभु श्रीराम की कृपा से प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।



