प्याज ने फिर बढ़ाया रसोई का खर्च, सहारनपुर में 50 रुपये किलो तक पहुंचे दाम, बारिश से आवक प्रभावित

सहारनपुर में प्याज के दाम सप्ताहभर में बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। बारिश और बाहर से आने वाली सप्लाई में कमी को कीमत बढ़ने की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।सहारनपुर में चीनी के बढ़े दामों के बाद अब प्याज ने भी आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में प्याज के दाम में तेजी आई है और फुटकर बाजार में कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। बारिश और बाहर से आने वाली प्याज की आवक में कमी को इसके पीछे प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसके साथ ही आलू समेत अन्य सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है।
सप्ताहभर में 25-35 से 50 रुपये किलो पहुंचा प्याज
सहारनपुर महानगर से लेकर देहात क्षेत्र तक प्याज के दाम में उछाल आया है। करीब एक सप्ताह पहले जहां प्याज 25 से 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वहीं अब फुटकर बाजार में इसकी कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े दामों से ग्राहकों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है।



