आजमगढ़ 19 अप्रैल(आर एन एस)आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के एलवल पुलिस चौकी अंतर्गत शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सेंट जेवियर स्कूल के सामने बंधे के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान त्रिलोकीनाथ वर्मा (75) पुत्र लालजी वर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 30 वर्षों से एलवल क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में जमीन खरीदकर अपना मकान बनवाना शुरू किया था और उसी निर्माणाधीन मकान में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
परिजनों ने बताया कि त्रिलोकीनाथ वर्मा करीब तीन दिन पहले किसी बात को लेकर नाराज होकर घर से निकल गए थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे परिवार के लोग चिंतित हो गए थे और उनकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच शनिवार को उनका शव मिलने की सूचना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शहर कोतवाल यादवेंद पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक ने निर्माणाधीन मकान के अंदर फांसी लगाई थी, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण शव नीचे गिर गया। शव की हालत को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना दो से तीन दिन पहले की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अचानक इस तरह बुजुर्ग की मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



