LIVE TVदेशबड़ी खबर

जेष्ठ मास के पहले बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

-श्रीराम जन्मभूमि मंदिर  परिसर में भक्तों के बीच भोग का लड्डू प्रसाद वितरित किया गया
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हनुमानगढ़ी समेत सभी हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। भक्त बजरंगबली से सुख-समृद्धि और सबके मंगल की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ विशेष पूजा-अर्चना हो रही है, और “जय श्री राम” व “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा है। देशभर से श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंच रहे हैं।बता दे कि इस बार ज्येष्ठ माह दो हिस्सों में बंटा है, इसलिए कुल 8 मंगलवार पड़ेंगे। बीच में मल मास लगने से बड़े मंगल का क्रम कुछ समय के लिए थम जाएगा। गैस सिलेंडर की कमी के चलते इस बार भंडारे सीमित रहने की आशंका है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह जरा भी कम नहीं है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर  परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में अर्चकों द्वारा निरंतर पाठ किया गया और भक्तों के बीच भोग का लड्डू प्रसाद वितरित किया गया। सुहावने मौसम के कारण श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बैठकर भव्यता का आनंद लिया। धूप न होने से दर्शनार्थियों को कहीं भी विश्राम कर वातावरण का सुख लेने का अवसर मिला। सभी मंदिरों और मंडपों के दर्शन प्रारंभ होने के बाद पूरे परिसर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। पहली बार यहां बड़े मंगल का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र बना। भोजन प्रसाद ग्रहण करने वालों को भी हनुमानजी का लड्डू वितरित किया गया। जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र संवाद केंद्र द्वारा दी गई।

Related Articles

Back to top button