क्लाइमेट चेंज थीम पर मनाया जा रहा विश्व पर्यावरण दिवस

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मंडल में 15 मई से 5 जून तक ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर “विश्व पर्यावरण दिवस” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान पर्यावरण अनुकूल उत्पादों, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसरों के निर्माण की दिशा में अभियान चलाये जा रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय रेल द्वारा चलाये जाने वाले अभियान के क्रम में प्रयागराज मण्डल में व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान निरंतर जारी हैं। इन अभियानों के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रहे हैं। ‘मिशन लाइफ’ एवं ‘विश्व पर्यावरण दिवस -2026’ थीम के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाकर पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल संदेशों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण- अनुकूल जीवनशैली का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ साथ कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रहे है।
प्रयागराज मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान के साथ रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं पार्कों में हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने हेतु विशेष प्रयास जारी हैं। “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” योजना के अंतर्गत कपड़े एवं जूट के बैग तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दियाजा रहा है।



