LIVE TVउत्तर प्रदेशखेल

UPT20 2026 Final: भुवी की लखनऊ vs रिंकू की मेरठ! 6 सितंबर को इकाना में मचेगा घमासान, रिजर्व डे भी तय

राजीव शुक्ला के विजन को मिली नई उड़ान! UPT20 फाइनल से पहले चेयरमैन डॉ. संजय कपूर बोले— “डिजिटल रीच हुई 5 गुना”

इकाना स्टेडियम में 6 सितंबर को भिड़ेंगी लखनऊ और मेरठ; बारिश के लिए रिजर्व डे का ऐलान, नए स्टेडियम में भी हो सकते हैं अगले सीजन के मैच

लखनऊ (5 सितंबर 2026): यूपी टी20 लीग 2026 (UP T20 League 2026) अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुँच चुकी है। रविवार को खेले जाने वाले ‘ग्रैंड फिनाले’ की पूर्व संध्या पर लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
इस प्रेसवार्ता में यूपी टी20 गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह, लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार, मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह, लखनऊ के बल्लेबाजी कोच उमंग शर्मा और मेरठ के हेड कोच उत्कर्ष चंद्रा शामिल हुए।

“इससे बेहतर फाइनल नहीं मिल सकता”: डॉ. संजय कपूर

सीजन 4 की सफलता और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के विजन पर बात करते हुए गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा: “लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर कानपुर से होता हुआ अब इकाना में अपने सबसे बड़े मुकाबले के लिए लौट आया है। हमें इससे बेहतर फाइनल नहीं मिल सकता था। एक तरफ अनुभवी भुवी हैं तो दूसरी तरफ रिंकू सिंह। युवा खिलाड़ियों को इनके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने से बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है।”

डॉ. कपूर ने बारिश के बावजूद ग्राउंड्समैन के काम की तारीफ की और घोषणा की कि फाइनल्स के लिए एक ‘रिजर्व डे’ (Reserve Day) रखा गया है, ताकि बारिश होने पर भी नतीजा निकल सके। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगले सीजन से वाराणसी जैसे नए शहरों में भी मैच आयोजित कराए जा सकते हैं।

पहली बार फाइनल में पहुँची लखनऊ, भुवी बोले— “दबाव मत लो, खेल का मजा उठाओ”

पहली बार फाइनल का टिकट कटाने वाली लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने युवा खिलाड़ियों के नर्वस होने पर कहा: “टीम में थोड़ी घबराहट होना स्वाभाविक है क्योंकि यह फ्रेंचाइजी का पहला फाइनल है, लेकिन उससे कहीं ज्यादा उत्साह है। मेरी युवा खिलाड़ियों को यही सलाह है कि वे इस बड़े मौके का आनंद लें। दबाव में यह न भूलें कि उन्होंने क्रिकेट खेलना क्यों शुरू किया था।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या लखनऊ में खेलने का उन्हें होम एडवांटेज मिलेगा, तो भुवी ने मुस्कराते हुए कहा— “पूरा उत्तर प्रदेश ही हम सबका घर है।” उन्होंने मेरठ के स्पिनर ज़ीशान अंसारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके खिलाफ सतर्क रहकर बल्लेबाजी करनी होगी।

चोट पर रिंकू का अपडेट, बोले— “भुवी भाई स्विंग के किंग हैं, उनके लिए बनाया है खास प्लान”

लगातार चौथी बार फाइनल में पहुँची मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी हाथ की चोट पर राहत देने वाला अपडेट दिया। रिंकू ने कहा कि वह अब काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी का सामना करने की चुनौती पर रिंकू ने कहा: “भुवी भाई स्विंग के उस्ताद (Master of Swing) हैं। पावरप्ले में उनकी स्विंग से कैसे निपटना है और रन बनाने हैं, इसके लिए हमने खास रणनीति बनाई है। लगातार चार सीजन से फाइनल में पहुँचना हमारी टीम के जज्बे को दिखाता है।”

6 सितंबर को इकाना में खिताबी जंग

रविवार, 6 सितंबर 2026 को शाम 7:30 बजे से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। एक तरफ पहली बार ट्रॉफी उठाने का सपना देख रही भुवी की सेना होगी, तो दूसरी तरफ लगातार चौथे फाइनल में पहुँची रिंकू की टीम मेरठ मावेरिक्स।

Related Articles

Back to top button