LIVE TVउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

पूर्व राज्यसभा सांसद अयोध्या रामी रेड्डी बोले- निवेश वहीं आता है, जहां अनुशासन हो, मुख्यमंत्री योगी तेजी से प्रदेश को ले जा रहे आगे

उद्योगपतियों ने यूपी के बड़े घरेलू बाजार और मजबूत एमएसएमई आधार को बताया बड़ी ताकत

टेक्निकल टेक्सटाइल को डिफेंस और एयरोस्पेस से जोड़ने का सुझाव, उद्यमियों ने जताई निवेश की इच्छा

8 सितंबर, लखनऊ। यूपी टेक्सटाइल्स कॉन्क्लेव-2026 में मंगलवार को देश के दिग्गज उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश की बदली औद्योगिक तस्वीर पर मुहर लगाई। किसी ने बेहतर कानून व्यवस्था और अनुशासन को निवेश का आधार बताया तो किसी ने विशाल घरेलू बाजार और मजबूत एमएसएमई नेटवर्क को यूपी की ताकत बताया। उद्योग जगत ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभरेगा। साथ ही टेक्निकल टेक्सटाइल को डिफेंस और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों से जोड़ने का सुझाव भी दिया।

पूर्व राज्यसभा सांसद एवं उद्योगपति अयोध्या रामी रेड्डी ने कहा कि उद्योग जगत के लोग वहीं निवेश करते हैं, जहां अनुशासन होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अनुशासन और तेजी के साथ उत्तर प्रदेश को आगे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी को नंबर वन बनाना है और टेक्सटाइल इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह उत्तर प्रदेश और देश दोनों के लिए बड़ा सेक्टर है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश करेंगे।

कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (सीआईटीआई) के अध्यक्ष अश्विन चंद्रन ने कहा कि भारत के पास टेक्सटाइल सेक्टर का मजबूत आधार है और अगले पांच वर्षों में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग का आकार दोगुना करने का विजन है। यूपी के पास एमएसएमई का मजबूत आधार होने के साथ बहुत बड़ा घरेलू बाजार है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश भारत का अग्रणी टेक्सटाइल हब बनेगा।

कॉटन टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के उपाध्यक्ष रवि सैम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा मजबूत नेतृत्व है। यहां भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की धरती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल सेक्टर में जितने सहयोग की आवश्यकता होगी, उतनी मदद की जाएगी।

एमकेयू लिमिटेड के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके समूह ने यूपी में एयरोस्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में पहल की है। उन्होंने स्ट्रैटेजिक टेक्निकल टेक्सटाइल की विशेष सूची तैयार करने और इसे एयरोस्पेस एवं डिफेंस इकोसिस्टम से जोड़ने का सुझाव दिया।

इंडिया आईटीएमई सोसाइटी के अध्यक्ष केतन सांघवी ने कहा कि भारत का वस्त्र उद्योग दुनिया में दूसरे-तीसरे स्थान पर गिना जाता है। उन्होंने विदेशी मुद्रा की बचत और ‘मेड इन इंडिया’ को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button