‘अखिलेश के अंदर बैठा है औरंगजेब’, संगीत सोम का सीधा हमला

बीजेपी नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बेहद तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव के पत्रकारों के सवालों पर भड़कने से लेकर परिवार के भीतर उनके रिश्तों और डिंपल यादव के अपमान के मुद्दे तक, संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर ‘औरंगजेबी मानसिकता’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के विचारों में औरंगजेब घुस चुके हैं और वह इस मानसिकता से बाहर नहीं आना चाहते।
‘जिसने अपने पिता को कैद कर लिया हो…’
संगीत सोम ने कहा, ‘अखिलेश जी के अंदर जो विचार है वो औरंगजेब के है। उनके विचारों में औरंगजेब घुस चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अखिलेश यादव ने औरंगजेब की तरह ही अपने पिता को घर में कैद कर लिया था जब उन्हें ये पता चला था कि उनके पिताजी उन्हें हटाना चाहते हैं।
‘रामगोपाल यादव पर 24 घंटे सर्विलांस रखते हैं अखिलेश’
संगीत सोम ने दावा किया कि अखिलेश यादव अपने चाचा रामगोपाल यादव पर सर्विलांस रखते हैं। संगीत सोम ने कहा कि रामगोपाल यादव अखिलेश के चाचा हैं लेकिन अखिलेश यादव 24 घंटे उनके घर पर सर्विलांस रखते हैं। वो किससे मिलते हैं, कहां जाते हैं, क्या करते हैं अखिलेश यादव एक एक जानकारी अपने पास रखते हैं। क्योंकि उन्हें अपने चाचा पर बिल्कुल भरोसा नहीं है।
जिस चाचा शिवपाल ने गोदी में खिलाया उसे भी नहीं बख्शा
शिवपाल यादव का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने कहा, ‘और तो और शिवपाल चाचा के बारे में तो सभी जानते हैं। जिस चाचा ने उन्हें गोदी में खिलाया हो, चलना सिखाया हो, जिस चाचा ने उन्हें पढ़ने भेजा हो, जिस चाचा ने उनकी शादी कराई हो। उनके साथ अखिलेश यादव ने किस औरंगजेब जैसा बर्ताव किया है।’
उन्होंने कहा कि यही मानसिकता अखिलेश यादव की पत्रकारों के साथ व्यवहार में भी दिखाई देती है। संगीत सोम ने कहा कि इसी औरंगजेबी मानसिकता के कारण जब उनसे कोई पत्रकार सवाल पूछता है तो वो भड़क जाते हैं। क्योंकि वो औरंगजेबी मानसिकता से बाहर ही निकल पा रहे हैं।
‘जिस इंसान को अपनी पत्नी के सम्मान की चिंता न हो’
संगीत सोम ने अखिलेश यादव की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा, ‘अखिलेश तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। यही कारण है कि वो ये विचार ही नहीं कर पा रहे हैं कि मेरी पत्नी की बेइज्जती हो रही है कि क्या। उन्हें सिर्फ वोट से मतलब है।’
उन्होंने कहा, ‘जिस इंसान को अपनी पत्नी के मान-सम्मान की चिंता न हो तो आप समझ जाइए कि उनकी क्या मानसिकता है।’
डिंपल यादव के अपमान से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने कहा, ‘जब मौलाना ने डिंपल यादव का अपमान किया था तब बीजेपी ने बोला था कि हम डिंपल यादव का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। क्योंकि डिंपल जी प्रदेश की बहू हैं और बेटी भी हैं।’
उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा ‘डिंपल यादव तो छोड़िए अखिलेश यादव प्रदेश की किसी भी बहू बेटी के साथ हो रहे अपमान पर कुछ नहीं बोलते हैं। किसी बेटी के साथ कोई बेइज्जती करे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता उन्हें केवल मुस्लिम वोट बैंक से मतलब है।’
संगीत सोम ने कहा, ‘क्योंकि अखिलेश यादव के अंदर औरंगजेब की मानसिकता है। औरंगजेब के विचार हैं। और अखिलेश यादव इस औरंगजेबी मानसिकता से बाहर आना नहीं चाहते हैं।’



