मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में उर्वरक नगर में नवनिर्मित कल्याण मण्डपम् के लोकार्पण सहित 40 करोड़ रु0 लागत की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1.10 करोड़ वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को 12,000 रुपये वार्षिक पेंशन दी जा रही है। इसकी संख्या और राशि और बढ़ाई जाएगी। प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष 07 अक्टूबर, 2026 को पूर्ण होने के अवसर पर 07 अक्टूबर से एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रम होंगे। इस दौरान योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री आज गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में 40 करोड़ रुपये लागत की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने उर्वरक नगर में गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित कल्याण मण्डपम् (कन्वेंशन सेण्टर) का लोकार्पण कर अवलोकन किया। कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा सहित विभिन्न विद्यालयों में टी0जी0टी0, पी0जी0टी0 तथा बेसिक शिक्षा परिषद के शहरी क्षेत्रों में शिक्षकों की नियुक्ति के विज्ञापन जारी हो चुके हैं। अगले 06 माह में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले 01 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। आगामी 19 सितम्बर से शुरू होने वाले भर्ती अभियान में अकेले पुलिस एवं होमगार्ड में लगभग 77 हजार पदों पर भर्ती होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कुछ माह पूर्व जिस स्थान पर डेढ़-दो मीटर का गड्ढा, कूड़ा और गन्दगी थी, आज वहां शानदार कल्याण मण्डपम बनकर तैयार हो चुका है। यहां गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह, बच्चों के मुण्डन संस्कार, प्रवचन, सम्मेलन तथा विकास से सम्बन्धित बैठकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। अच्छे जनप्रतिनिधियों के चयन और सकारात्मक सोच से विकास के परिणाम दिखाई देते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विधायक निधि के उपयोग की कार्ययोजना बनाते समय गोरखपुर महानगर में ऐसे 09 स्थान चिन्हित किए गए, जहां महंगे होटल या बड़े बारात घर उपलब्ध नहीं थे। इन स्थलों पर कुछ कल्याण मण्डपम विधायक निधि, कुछ नगर निगम और कुछ विकास प्राधिकरण के माध्यम से विकसित किए जा रहे हैं। बाबा गम्भीरनाथ वार्ड मानबेला, वार्ड संख्या-22 तुलसीराम जंगल तुलसीराम बिछिया, वार्ड संख्या-10 महादेव नगर मौजा जंगल बेनी माधव तथा वार्ड संख्या-80 राप्तीनगर मौजा बसारतपुर में कल्याण मण्डपम बनकर लोकार्पित हो चुके हैं और जनता उनका उपयोग कर रही है। वार्ड संख्या-54 उर्वरक नगर में कल्याण मण्डपम का आज लोकार्पण हुआ है।
महादेव झारखण्डी टुकड़ा नम्बर-2 वार्ड संख्या-7, महादेव झारखण्डी टुकड़ा नम्बर-3 तथा वार्ड संख्या-2 बाबा राघव दास, मौजा सेमरा में निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त विधायक निधि से एक और कल्याण मण्डपम स्वीकृत किया गया है। इस प्रकार गोरखपुर महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 10 कल्याण मण्डपम उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी भी शहर में नागरिकों का जीवन स्तर वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं से निर्धारित होता है। होटल, रेस्टोरेंट, कल्याण मण्डपम, कन्वेंशन सेण्टर और बारात घर जैसी सुविधाओं के साथ कानून का राज और सुरक्षित वातावरण भी आवश्यक है। वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। आज लोग पर्व-त्योहार और सामाजिक कार्यक्रम सुरक्षित वातावरण में कर सकते हैं तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है।
सुरक्षा के साथ आधारभूत ढांचे का विकास भी आवश्यक है। गोरखपुर में बरगदवा-नकहा-स्पोर्ट्स कॉलेज-पादरी बाजार होते हुए मोहद्दीपुर तक 04-लेन, नकहा में पुल, रेलवे ओवरब्रिज और अन्य चौड़ी सड़कों से आवागमन सुगम हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बन्द फर्टिलाइजर कारखाने को पुनः प्रारम्भ किया गया, जिसकी जगमगाहट आज गोरखपुर के बदलते स्वरूप की पहचान बन रही है। स्पोर्ट्स कॉलेज में नई सुविधाओं के विस्तार के साथ फर्टिलाइजर में सैनिक स्कूल शुरू होने से स्थानीय बच्चों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चों की मृत्यु होती थी। उन्होंने सांसद रहते हुए इस समस्या के समाधान के लिए आन्दोलन किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद सरकार ने प्रभावी रणनीति के माध्यम से दो वर्ष में 40 वर्षों से चली आ रही इस गम्भीर समस्या पर नियन्त्रण प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर में एम्स, बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज समेत उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थान उपलब्ध हैं। गोरखनाथ-स्पोर्ट्स कॉलेज मार्ग, फर्टिलाइजर-झंगिया गेट मार्ग तथा असुरन चौराहा-मेडिकल कॉलेज-भटहट मार्ग का 04-लेन निर्माण हुआ है। रुस्तमपुर, आजाद चौक और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में फ्लाईओवर से यातायात सुगम हुआ है। रामगढ़ताल का कायाकल्प कर उसे पर्यटन के महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है।
सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को बिना भेदभाव जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर रही है। गरीब परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न, आवास, शौचालय और ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के माध्यम से निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन मिल रहा है। बेटियों की शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद अब तक लगभग साढ़े 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में वसूली और सौदेबाजी के आरोप लगते थे, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था। वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन का रूप विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला राज्य है। आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल है। एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, एयर कनेक्टिविटी और नए हवाई अड्डों के साथ औद्योगिक गतिविधियां बढ़ी हैं। गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं और लगभग 50,000 युवाओं को रोजगार मिला है। गीडा में गोरखपुर के साथ देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, मऊ, संत कबीर नगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर सहित आसपास के जिलों के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। अब युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता कम हुई है।
विकास स्पष्ट नीति, स्वच्छ नीयत और जनता को केन्द्र में रखकर लिए गए निर्णयों का परिणाम है। डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गोरखपुर और पूरे प्रदेश में विकास को नई गति दी है। बदले हुए वातावरण में समाज को बांटने वाले तत्वों से सावधान रहना होगा। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजन विकास की गति को प्रभावित करता है। बेहतर वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को विकास, सुशासन और सुरक्षा के संकल्प के साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने उर्वरक नगर के कल्याण मण्डपम की सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां विशाल प्रांगण, पार्किंग एवं भोजनालय की व्यवस्था है। दो मंजिला भवन में बड़ा हॉल, मिनी हॉल और चार कमरे हैं। उन्होंने निर्माणाधीन कल्याण मण्डपमों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गोरखपुर के विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री फतेह बहादुर, श्री विपिन सिंह, श्री महेन्द्र पाल सिंह, श्री प्रदीप शुक्ला, श्री श्रीराम चौहान, डॉ0 विमलेश पासवान, इंजी0 सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश श्रीवास्तव और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
,



