LIVE TVउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर 502 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विकास के लिए ऐसी सरकार आवश्यक है, जिसकी सोच अपने परिवार तक सीमित न होकर पूरे प्रदेश और देश के विकास की हो। गीडा की पिछले 10 वर्षों की शानदार यात्रा इसी सोच की अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर जनता ने डबल इंजन सरकार को अपना आशीर्वाद दिया और आज उसी का परिणाम व्यापक निवेश तथा औद्योगिक विकास के रूप में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी के समक्ष 17,650 करोड़ रुपये से अधिक के नवीन औद्योगिक निवेश के लिए गीडा एवं विभिन्न उद्यमियों के मध्य एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर ट्रेड-शो एवं ओ0डी0ओ0पी0 फेस्ट का उद्घाटन तथा चकभोप आवासीय योजना तथा गीडा की नई वेबसाइट का शुभारम्भ किया। उन्होंने आवासीय (ई0डब्ल्यू0एस0-एल0आई0जी0) एवं औद्योगिक भूखण्डों के लाभार्थियों को आवंटन पत्र वितरित किए। उन्होंने एन0आई0ई0एल0आई0टी0 (नाइलेट) स्किल डेवलपमेण्ट सेण्टर के विस्तार एवं श्रमिक कल्याण के अन्तर्गत डॉरमेट्री का शिलान्यास तथा नाइलेट से प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं टूलकिट वितरित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में गोरखपुर एवं गीडा के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री जी ने गीडा परिवार, यहां के उद्यमियों, कर्मचारियों, उद्योगों में कार्यरत कार्मिकों और श्रमिकों को 37वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज गीडा में 502 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हो रहा है। 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश के एम0ओ0यू0 हो रहे हैं। हैण्डलूम एवं टेक्सटाइल इण्डस्ट्री के उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए जा रहे हैं। नई आवासीय योजना का शुभारम्भ भी किया गया है। यह सभी कार्य गीडा के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गीडा की स्थापना 37 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन इसका वास्तविक विकास विगत 10 वर्षों में हुआ है। लगभग 28 से 30 वर्षों तक गीडा विकास की प्रतीक्षा करता रहा। जब सरकारों की नीतियां अच्छी होती हैं तो चारों ओर विकास का वातावरण बनता है। अच्छी सरकार जनता की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारती है, बुनियादी सुविधाओं का विकास करती है, जनता की समस्याओं का समाधान करती है और नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है। उद्यमियों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और सामान्य नागरिकों के लिए ईंज ऑफ लिविंग सुनिश्चित करना सुशासन वाली सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री जी ने वर्ष 2004-05 की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय गीडा में उद्योग नहीं लगते थे। तत्कालीन सरकार ने यहां स्लॉटर हाउस खोलने के लिए जमीन पर जबरन कार्य प्रारम्भ कराने का प्रयास किया था। उस समय उन्होंने सांसद रहते हुए सहजनवा के कार्यकर्ताओं के साथ इसका विरोध किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि गोरखपुर स्लॉटर हाउस स्वीकार नहीं करेगा। यदि यहां विकास करना है तो स्लॉटर हाउस कहीं और ले जाया जाए। गोरखपुर अपना विकास स्वयं करेगा। कई दिनों तक संघर्ष चला और अंततः सफलता मिली।
वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान इन्सेफेलाइटिस की बीमारी तथा इण्डस्ट्री से वसूली के कारण बनी हुई थी। बीमारी का कारण मच्छर और वसूली का कारण माफिया राज था। इन्सेफेलाइटिस से अनेक मासूम बच्चों की जान जाती थी। इनमें अधिकांश बच्चे दलित और पिछड़े वर्ग के परिवारों से थे। उस समय की सरकारों में संवेदना का अभाव था। न युवाओं को नौकरी मिलती थी, न रोजगार के अवसर उपलब्ध और न ही निवेश के लिए अनुकूल वातावरण था।
वर्तमान सरकार ने माफिया राज को समाप्त करने के साथ इन्सेफेलाइटिस पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। अब इस बीमारी से किसी मासूम की जान नहीं जाती और किसी मां को अपने बच्चे के लिए आंसू नहीं बहाने पड़ते। सरकार ने इसकी जिम्मेदारी ली है। साथ ही, सुरक्षा और सुशासन के वातावरण ने उद्यमियों का विश्वास बढ़ाया है। इसी का परिणाम है कि आज देश और विदेश के उद्योगपति गोरखपुर में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले माफिया और मच्छर पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान का संकट बने हुए थे। तत्कालीन सरकारों के समय नौकरी, रोजगार, निवेश और सुरक्षा की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। उस समय सत्ता में बैठे लोग अपने परिवार और अपने सिण्डिकेट के विकास तक सीमित थे। आज जनता ने ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर कर दिया है और वे अब विकास की बातें कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गीडा में सीमेण्ट फैक्ट्री स्थापित हो रही है। गैलेण्ट और अंकुर जैसे उद्योगों ने वर्ल्ड क्लास स्टील के निर्माण की सम्भावनाओं को साकार किया है। तत्वा प्लास्टिक के माध्यम से प्लास्टिक पाइप निर्माण का कार्य हो रहा है। पहले यहां डेयरी उद्योग की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, जबकि आज गोरखपुर में तीन-तीन डेयरी उद्योग कार्य कर रहे हैं। यह नए गोरखपुर और नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।
गीडा में अब एक ही कॉम्प्लेक्स में सैकड़ों फैक्ट्रियों की स्थापना के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में कार्य हो रहा है। इससे एक ही परिसर में सैकड़ों उद्योग संचालित हो सकेंगे और बड़ी संख्या में लोग एक साथ काम कर सकेंगे। पहले यहां आवासीय कॉलोनी की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन आज औद्योगिक विकास के साथ आवासीय सुविधाओं का भी विस्तार हो रहा है।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अब तक गीडा में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। नए निवेश प्रस्तावों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के एम0ओ0यू0 हुए हैं। इस निवेश से लगभग 50 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता युवाओं की स्किलिंग है। हमारे पास युवा वर्कफोर्स और स्केल है। इस स्केल को स्किल में बदलने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से नाइलेट के साथ मिलकर यहां लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एण्ड एम्प्लॉयमेन्ट जोन विकसित किया जा रहा है। लगभग 25 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाला यह स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेन्ट जोन युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सहजनवा, खजनी, चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण, कैम्पियरगंज, पिपराइच, चौरीचौरा सहित आसपास के जनपदों के युवा इस व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे। कोई भी नौजवान अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार यहां पंजीकरण कराएगा। उसका इण्टरव्यू होगा और वह जिस क्षेत्र में कार्य करना चाहता है, उसी के अनुरूप उसे प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उसे रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा पर सरकार को विश्वास है। जब युवाओं की क्षमता को सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण और विकास की नीतियों से जोड़ा जाता है तो विकास की गति और तेज होती है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिलें और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नाइलेट ने वर्ष 2023 से गीडा में अपना कार्य प्रारम्भ किया है। अब तक 4,300 से अधिक युवाओं ने यहां प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्हें ट्रिपल सी, ओ लेवल परीक्षा के साथ साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक्स, आर्टिफिशियल इण्टेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और इण्टरनेट ऑफ थिंग्स जैसे आधुनिक विषयों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां उपलब्ध कराई जा रही नई सुविधाओं से 400 से अधिक युवाओं को अतिरिक्त अवसर मिलेंगे।
प्रदेश सरकार व्यापक लैण्ड बैंक तैयार कर रही है और नए-नए उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था के अन्तर्गत उद्यमियों को आवेदन करने पर निर्धारित समयसीमा में भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। निवेश के साथ उन्हें सरकारी इन्सेंटिव भी प्राप्त होंगे। आज गीडा पिछड़ा हुआ नहीं, बल्कि विकास की सीढ़ियां तेजी से चढ़ता हुआ औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है।
औद्योगिक विकास के साथ यहां कार्य करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। चकभोप के नाम से लगभग 463 करोड़ रुपये लागत की नई आवासीय कॉलोनी विकसित की जा रही है। यह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के समीप बन रही है। इसमें अत्यन्त गरीब व्यक्ति से लेकर बड़े से बड़े व्यक्ति तक के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गीडा में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री और सस्ते भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। जिन श्रमिकों के परिवार गांव में रहते हैं, उन्हें अकेले भोजन बनाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। गीडा प्रशासन की ओर से सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनके जीवन को भी सुगम बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर ट्रेड-शो एवं ओ0डी0ओ0पी0 फेस्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश की ताकत का एहसास हो रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन की विशेषता भी यहां प्रदर्शित की जा रही है। प्रत्येक जनपद के खानपान और पारम्परिक व्यंजनों को भी पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने गीडा प्रशासन और जिला प्रशासन से कहा कि गोरखपुर के स्कूलों के बच्चों को यहां लाकर उद्योग जगत से परिचित कराया जाए। चैम्बर ऑफ इण्डस्ट्रीज के माध्यम से व्यापारियों और उद्यमियों को भी यहां आमंत्रित किया जाए, ताकि वह गीडा की औद्योगिक क्षमता, उत्तर प्रदेश की उत्पादन शक्ति और स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं को देख सकें। उन्होंने लोगों से ट्रेड-शो में आने और यहां प्रदर्शित उत्पादों एवं व्यंजनों को देखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सरकार कारीगरों, उद्यमियों, व्यापारियों, युवाओं और नारी शक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विरासत की मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव रखी जा सकती है। विकास की मजबूत गति ही आज प्रदेश की प्रगति का आधार बन रही है। अब उत्तर प्रदेश में पिक एण्ड चूज की व्यवस्था नहीं है। किसी का चेहरा देखकर कार्य नहीं होता, बल्कि बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं विकास को प्राथमिकता दी है। काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर और नई अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम का विकास, सहारनपुर में माँ शाकुम्भरी धाम का भव्य स्वरूप, शुकतीर्थ और नैमिषारण्य का विकास तथा कुशीनगर और श्रावस्ती जैसे बौद्ध तीर्थस्थलों का विकास इसी दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं।
संत रविदास जी महाराज की सीर गोवर्धन काशी में भव्य स्वरूप में विकसित हुई है। संत कबीरदास जी की स्थली काशी और मगहर का कायाकल्प किया गया है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और महात्मा ज्योतिबा फुले के मन्दिरों, मूर्तियों और पार्कों के सौन्दर्यीकरण के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई गई है। प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विकास और विरासत से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। 4,030 से अधिक स्थानों पर ऐसे कार्य सम्पन्न हो रहे हैं। सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में आठ मन्दिरों का जीर्णोद्धार कराया गया है। इसी प्रकार अन्य जनप्रतिनिधियों के क्षेत्रों में भी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के कार्य हो रहे हैं। आज प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए कार्य हो रहे हैं।
पहले उत्तर प्रदेश में कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां चर्चा में रहती थीं, लेकिन आज युवाओं की स्किलिंग के लिए कार्य हो रहा है। प्रदेश में आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण भी किया जा रहा है। राइफल क्लाश्निकोव-203, वेब्ले एण्ड स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण से उत्तर प्रदेश देश की नई औद्योगिक और सामरिक ताकत का महत्वपूर्ण केन्द्र बन रहा है। जब ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर अपना प्रभाव दिखाती है तो पाकिस्तान में भी उसकी चर्चा होती है। यह नए भारत की नई ताकत और नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। उत्तर प्रदेश पूरी मजबूती के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 20 नवम्बर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के 60 हजार युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराए गए। युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। यह टैबलेट केवल उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलते-फिरते विश्वविद्यालय की तरह हैं। इन्फोसिस के सहयोग से इन टैबलेट्स में 18 हजार कोर्स अपलोड किए गए हैं। इसके माध्यम से युवाओं को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी। युवाओं, रोजगार एवं स्टार्टअप से सम्बन्धित केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी उन्हें उपलब्ध होगी। इससे युवा अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार केवल बोलने में नहीं, बल्कि कार्य करने में विश्वास करती है। अच्छी सड़कों, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं से प्रदेश में विकास का वातावरण तैयार किया गया है। गोरखपुर में बन्द पड़ा फर्टिलाइजर कारखाना आज दोगुनी क्षमता से संचालित हो रहा है। पिपराइच की चीनी मिल फिर से चालू हो गई है। कालेसर से जंगल कौड़िया के बीच बाईपास का निर्माण भी प्रारम्भ हो गया है। अब सोनौली और महराजगंज जाने वाले लोग गोरखपुर शहर को बाईपास करते हुए सीधे जंगल कौड़िया होकर जा सकते हैं। इससे आवागमन सुगम हुआ है। यह सभी प्रयास युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने और विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में सहायक हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा को बिना रुके, बिना थके और बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाना है। समाज को बांटने वाले लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश की आबादी यूरोप के अनेक देशों की कुल आबादी के बराबर है, लेकिन यहां न लूटपाट है, न कर्फ्यू और न दंगे की स्थिति। प्रदेश में कानून-व्यवस्था का बेहतर वातावरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन्होंने गरीबों के लिए कार्य किया है, युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध कराए हैं और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किया है, उन्हें बार-बार अवसर मिलना चाहिए। यह केवल आज की लड़ाई नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने और उज्ज्वल बनाने की लड़ाई है। प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण आवश्यक है। आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा। प्रत्येक जनपद, ग्राम पंचायत और नगर निकाय को आत्मनिर्भरता के लक्ष्य के साथ अपनी कार्ययोजना बनाकर आगे बढ़ना होगा। विकास की समान सोच जब एक साथ आगे बढ़ती है तो उसकी गति बढ़ती है। वहीं से रोजगार पैदा होता है और विकास की आधारशिला मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री जी ने उद्यमियों और निवेशकों का आह्वान किया कि वह उत्तर प्रदेश की ताकत और सम्भावनाओं को देखें। प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना साकार होगी।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। देश और विदेश के उद्योगपति गोरखपुर में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
सांसद श्री रविकिशन शुक्ल तथा विधायक श्री प्रदीप शुक्ला ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्री विपिन सिंह, श्री श्रीराम चौहान, श्री राजेश त्रिपाठी, श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री महेन्द्र पाल सिंह, इं0 सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button