दिल्ली एनसीआरप्रदेश

दिल्ली: कांग्रेस ने नाईट कर्फ्यू को दहशत फैलाने वाली बताई घोषणा, अध्यक्ष अनिल चौधरी ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने शहर में रात्रि कर्फ्यू को दहशत फैलाने वाली घोषणा बताया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने सवाल उठाया है, क्या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यह साबित कर सकते हैं कि रात दस बजे से पांच बजे तक  रात कर्फ्यू लगाने से कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगेगा। चौधरी ने कहा कि कोविड की रोकथाम के लिए केजरीवाल सरकार को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए, न कि घोषणाएं करके अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री को गरीब जनता के हितों व रोजगार को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहिए। दिखावा करने वाले ऐसे निर्णय नहीं, जिससे जनता में भ्रम और दहशत का माहौल बने। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार जनता की भावनाओं को नजरअंदाज करके फैसले ले रही है, क्योंकि 13 अप्रैल से दिल्ली में शादियों का सीजन शुरू हो रहा है। अधिकतर शादियां रात में ही होती हैं।

अरविंद केजरीवाल बताएं कि रात्रि में होने वाली शादियों के लिए क्या कोई दिशा निर्देश जारी किया है। अनिल चौधरी ने यह भी कहा कि दिल्ली में छह दिनों से भी कम समय में संक्रमण की दर दोगुनी हो रही है। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या छह दिनों में 1081 बढ़ गई है। इससे अरविंद केजरीवाल सरकार की असफलता साबित होती है।

Related Articles

Back to top button