दिल्ली एनसीआरप्रदेश

विवेक तिवारी की हत्या पर टिप्पणी के बाद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज

एपल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल धार्मिक रंग देने की टिप्पणी पर घिर गए हैं। दिल्ली के एक वकील अश्विनी उपाध्याय ने केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। वकील ने तिलक मार्ग पुलिस थाने में केजरीवाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 153A, 295A, 504 और 505 के अलावा आईटी सेक्शन की धारा 67 के तहत जाति धर्म के नाम पर वैमनस्य फैलाने और भाजपा नेताओं को बदनाम करने की शिकायत दर्ज हुई है।

बता दें कि केजरीवाल ने पूरे मामले को सांप्रदायिक एंगल दे दिया था जिसके बाद इस पर भाजपा ने जहां उन्हें आड़े हाथों लिया वहीं सोशल मीडिया ने भी उन्हें आईना दिखा दिया। लोगों ने इस कृत्य पर केजरीवाल को जम कर खरी खोटी सुनाई। इसके बाद केजरीवाल देर शाम तक अपने ट्वीट पर सफाई देते दिखे। केजरीवाल ने रविवार को ट्वीट कर सवाल किया था कि विवेक तिवारी हिंदू थे तो फिर उन्हें क्यों मार दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक हिंदू के हितों की रक्षा नहीं की। इसके बाद केजरीवाल ने मृतक विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी से फोन पर बात की। उधर, केजरीवाल के इस हत्याकांड को हिंदू की हत्या बताने के बाद दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट कर कहा कि केजरीवाल घटिया राजनीति न करें।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि विवेक तिवारी की हत्या हुई है और कसूरवार को सजा मिलेगी। हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा हत्या को सांप्रदायिक रंग देना उनकी ओछी मानसिकता का प्रतीक है।

 

Related Articles

Back to top button