LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशदेश

मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा उतरांवाँ, मोहनलालगंज में ओपन जिम का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां ग्राम सभा उतरांवाँ, मोहनलालगंज में ओपन जिम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग करने हेतु इस बार देश की तरफ से खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल भेजा गया है। उत्तर प्रदेश के 10 खिलाड़ी भारतीय ओलम्पिक दल में शामिल हैं। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग कर रहे भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद दुनिया के खेल के महाकुम्भ टोक्यो ओलम्पिक में, विश्व के सभी प्रतिष्ठित खिलाड़ी एकत्र हुए हैं। यह उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता एवं लगाव को प्रदर्शित करता है। भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में विभिन्न इवेण्ट का आयोजन व्यापक जनसमर्थन के साथ किया जा रहा है। पूरा देश अपने खिलाड़ियों का समर्थन कर रहा है। यह शुभकामनाएं भारत के खिलाड़ियों तक अवश्य पहुंचेंगी। भावनाओं का परस्पर स्पन्दन, उन्हें एक नई ऊर्जा देगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम सभी की आवाज टोक्यो तक अपने खिलाड़ियों को ऊर्जा प्रदान कर रही है। इसी ऊर्जा के परिणामस्वरूप देश का पहला पदक महिला भारोत्तोलन में मणिपुर की बेटी सुश्री मीराबाई चानू द्वारा लाया गया है। वह ग्रामीण परिवेश के एक सामान्य परिवार से आती हैं, लेकिन उन्होंने अपने अथक परिश्रम, दृढ़ निश्चय, कड़े अनुशासन एवं खेल भावना से देश का नाम रोशन किया है। महिला हॉकी टीम के जोरदार प्रदर्शन ने हमें गौरवान्वित किया है। कई खिलाड़ियों ने पदक पक्के कर लिए हैं। देश की भावनाएं इसी प्रकार खिलाड़ियों के साथ जुड़ेंगी, तो हम अधिक से अधिक पदक लाने में सफल होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री जी ने ‘खेलो इण्डिया’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी के प्रेरणा से प्रदेश सरकार द्वारा युवा ऊर्जा के लिए गांव-गांव में स्टेडियम, ओपन जिम, व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। खेल की गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों का गठन किया गया है। विगत 3-4 वर्षों के दौरान मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध करायी गई हैं। इससे गांव-गांव में खेल के प्रति एक नई अभिरुचि जागृत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ओपेन जिम का निर्माण इस दिशा में एक अच्छा प्रयास है। खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का निर्णय लिया है। हमारा युवा अनेक सम्भावनाओं से भरपूर है। उन्हें जब इस प्रकार की सुविधाओं का लाभ मिलेगा, तो वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खिलाड़ी अपने आप में अनुशासित होता है। व्यक्ति का जीवन अगर अनुशासित नहीं है, तो वह समय-समय पर अपने पद एवं पथ से भटकने लगता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अनुशासित होकर कार्य के प्रति अपना ध्यान केन्द्रित करें। अभी कोरोना महामारी समाप्त नहीं हुई है। बीमारी में बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। अनिवार्य रूप से सभी लोग मास्क का उपयोग करें तथा सोशल डिस्टेंसिंग एवं शासन द्वारा निर्धारित कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में उत्तर प्रदेश के 10 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रदेश सरकार ने ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता को पुरस्कार स्वरूप 06 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को 04 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेता को 02 करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम सभी को खिलाड़ियों के प्रति सद्भावनाएं रखनी चाहिए। क्योंकि खिलाड़ी अपने लिए नहीं, बल्कि देश के लिए खेलता है। अगर वह किसी अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का भागीदार है, तो वह वहां देश का नाम रोशन करता है। खिलाड़ी यदि किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदार बन रहा है, तो वह वह अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है। अगर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदार है, तो अपने क्षेत्र व जनपद के सम्मान को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। वह किसी परवाह के बगैर अपने प्रदर्शन पर फोकस करता है।
मुख्यमंत्री जी ने टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह सभी देश के लिए खेलें तथा अपना सर्वोत्तम खेल प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतें। प्रधानमंत्री जी की मंशा के अनुरूप खेल के क्षेत्र में भारत का मान बढ़ाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के पूर्व खिलाड़ियों-श्री विजय सिंह चौहान तथा श्री रजनीश मिश्रा को सम्मानित किया। उन्होंने ओलम्पिक्स सेल्फी प्वाइण्ट पर खिलाड़ियों के साथ सेल्फी ली। साथ ही, उन्होंने ओपेन जिम परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ0 महेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का पूरी दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा है। कानून का राज स्थापित करते हुए बिना किसी भेदभाव के सम्पूर्ण प्रदेश में विकास की गंगा बहाई जा रही है। प्रदेश में युवाओं के लिए अच्छे खेल के मैदान निर्मित किए जा रहे हैं। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की धरती से टोक्यो तक सन्देश भेजा रहा है, जिससे हमारे खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ जाएगा।  
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है। टोक्यो ओलम्पिक में प्रदेश के 10 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने इन खिलाड़ियों से ओलम्पिक में जाने से पूर्व, संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व मंे नौजवानों को ऊर्जा प्रदान करने हेतु खेल विभाग द्वारा गांव-गांव में ओपेन जिम, व्यायामशालाओं व स्टेडियम की स्थापना की जा रही है। इन सुविधाओं से उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाएं ओलम्पिक तक का सफर तय करेंगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव युवा कल्याण श्रीमती डिम्पल वर्मा, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button