LIVE TVMain Slideजम्मू कश्मीरदेश

कश्मीर में ताजा बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

कश्मीर घाटी के कई इलाकों में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई जबकि अन्य इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इसकी वजह घाटी के कई इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं ताजा हिमपात-बारिश की वजह से श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद हो गया है और खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी धाम के लिए परिचालित हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घाटी के कई इलाकों में खासतौर पर दक्षिण इलाके में रात के दौरान फिर हिमपात हुआ। अधिकारियों के मुताबिक घाटी के प्रवेश द्वारा माने जाने वाले दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और नजदीकी कोकरनाग में करीब छह इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अनंतनाग में भी तीन इंच बर्फ गिरी है।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां, पुलवामा और कुलगाम जिलों में भी दो से सात इंच तक बर्फ गिरी है।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में भी दो इंच बर्फ गिरी है। उन्होंने बताया कि घाटी के उत्तरी इलाकों में भी ताजा बर्फबारी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने कर्मचारियों और मशीनों को सड़कों से बर्फ हटाने के काम पर लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर सहित घाटी के अन्य इलाकों में बारिश होने की खबर है, लेकिन इसकी वजह से श्रीनगर हवाई अड्डे से परिचालित उड़ानें प्रभावित नहीं हुई हैं क्योंकि दृश्यता करीब 1000 मीटर है।
उन्होंने बताया कि घाटी के अधिकतर इलाकों में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई है।

Related Articles

Back to top button