LIVE TVMain Slideदेशप्रदेश

पक्का मोर्चा लगाने को लेकर मंच ने किया अनेक गांवों का दौरा

किसानों की मांगों के प्रति सरकार व प्रशासन द्वारा अपनाए जा रहे उदासीन रवैये के विरोध में हरियाणा किसान मंच द्वारा आगामी 28 फरवरी को उपायुक्त कार्यालय में पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। पक्का मोर्चा पर किसानों की उपस्थिति के लिए हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने जिले के गांवों देसू मलकाना, हस्सू, नौरंग, मिठड़ी, च_ा, खोखर, असीर, गांव कालांवाली सहित दर्जनों गांवों का दौरा किया और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में डीसी कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि सरकार व प्रशासन को 25 जनवरी तक का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन उन्होंने किसानों की मांगों को लेकर कोई सकारात्मक रवैया नहीं दिखाई, जिसको लेकर किसानों में भारी रोष है। भारूखेड़ा ने कहा कि उपायुक्त कार्यालय में किसान आंदोलन की तरह पक्का मोर्चा लगाया जाएगा और जब तक किसानों की मांगों को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, किसान यहां से टस से मस नहीं होंगे। इस दौरान अगर प्रशासन ने किसानों के साथ कोई धक्केशाही की तो उसका भी मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ सतपाल सिंह सिरसा, बलवंत सिंह प्रधान, गुरनाम सिंह प्रधान, लखा सिंह प्रधान, नैब सिंह मलड़ी उप प्रधान, गगनदीप सिंह, गुरमेल सिंह, बलजिंदर सिंह अलीकां सहित अन्य किसान उपस्थित थे।
ये हैं किसानों की प्रमुख मांगें:
गुलाबी सुंडी से खराब हुई नरमे की फसल का मुआवजा दिया जाए व बकाया बीमा क्लेम की राशि भी दी जाए। नहरी पानी में कटौति करके नहरें महीने में सात दिन चलाई जा रही हैं, जबकि पहले 15 दिन नहरें चलती थी। किसानों के ट्यूबवैल के कनैक्शन जारी किए जाएं। हाल ही में यूरिया खाद की कमी के कारण किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यूरिया उपलब्ध करवाई जाए। बुढ़ापा पेंशन में कटौति की जा रही है, जिन लोगों की पेंशन बंद की गई है, उसे पुन: बहाल किया जाए। आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हैल्पर, पीटीआई अध्यापकों की मांगों को पूरा किया जाए। पक्के खाल बनाने पर फव्वारा सिस्टम की शर्तों को हटाया जाए। बंद पड़े शैक्षणिक संस्थानों को खोला जाए।

Related Articles

Back to top button