Main Slideउत्तर प्रदेशखबर 50दिल्ली एनसीआरदेशप्रदेशबड़ी खबरमनोरंजनमहाराष्ट्र

मनोज बाजपेयी और शर्मिला टैगोर की फिल्म गुलमोहर की शूटिंग शुरू

मुंबई । हर दिल अजीज अभिनेता मनोज बाजपेयी की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। फिल्मों के अलावा  ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उनकी धाक जमी रहती है। पिछले साल द फैमिली मैन 2 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। अब उनकी एक नई फिल्म को लेकर जानकारी सामने आई है। मनोज और दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर अपनी फिल्म गुलमोहर में नजर आएंगे। उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है। मनोज ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म के सेट से एक क्लिपबोर्ड की तस्वीर शेयर की है, जिसमें फिल्म का नाम गुलमोहर लिखा हुआ है। साथ ही उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, शूटिंग शुरू हुई। एक नई फिल्म। नया माहौल। हवा में घबराहट और उत्साह! हमें शुभकामनाएं दें। इस फिल्म के निर्देशन की कमान राहुल वी चितेला संभाल रहे हैं। शर्मिला और मनोज के अलावा इस फिल्म में अभिनेता सूरज शर्मा भी नजर आएंगे। उन्होंने 2012 में रिलीज हुई फिल्म लाइफ ऑफ पाई से अपने अभिनय की शुरुआत की थी। फॉक्स स्टार स्टूडियोज इस फिल्म का निर्माण कर रही है। निर्देशक राहुल को उनकी एंथोलॉजी फिल्म शोर से शुरुआत के लिए जाना जाता है। फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी, जिसमें अतुल कुलकर्णी और संजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आए थे। इस फिल्म के प्लॉट के बारे में कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि शर्मिला काफी समय बाद गुलमोहर के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी। उन्हें आखिरी बार 2010 में आई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ब्रेक के बाद में देखा गया था। इस फिल्म में इमरान खान और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिकाओं में थे। बता दें कि शर्मिला के बेटे सैफ अली खान और बेटी सोहा अली खान भी लोकप्रिय कलाकार हैं। शर्मिला ने अपने करियर की शुरुआत 13 साल की उम्र में ही सत्यजीत राय की फिल्म अपूर संसार से किया था। इसके बाद उन्हें मौसम, अनुपमा, सत्यकाम, बंधन, आविष्कार, एकलव्य, सफर और दूसरी दुल्हन जैसी फिल्मों में देखा गया है। अभिनेता मनोज के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनके खाते में कई प्रोजेक्ट्स हैं। वह वेब सीरीज द फैमिली मैन 3 को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। ऐसी भी चर्चा चली थी कि उन्होंने इस सीरीज के लिए 20-22 करोड़ रुपये फीस मांगी है। इसके अलावा वह अपनी अगली फिल्म डिस्पैच में नजर आएंगे। उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग भी खत्म कर ली है। कन्नू बहल ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।

Related Articles

Back to top button