Main Slideउत्तर प्रदेशखबर 50दिल्ली एनसीआरदेशप्रदेशमनोरंजनमहाराष्ट्र

सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी जान्हवी कपूर की फिल्म गुड लक जैरी?

मुंबई । जान्हवी कपूर आने वाले दिनों में कई फिल्मों में नजर आएंगी। गुड लक जैरी भी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म में जान्हवी एक अलग ही अवतार में दिखने वाली हैं। इस वजह से प्रशंसकों के बीच भी उनकी इस फिल्म को लेकर उत्सुकता है। फिल्म की रिलीज से जुड़ीं पहले भी कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं और अब खबर है कि फिल्म सीधे डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, गुड लक जैरी के निर्माता आनंद एल राय ने इसे सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर लाने का फैसला किया है। फिल्म के निर्माताओं की इस सिलसिले में लगातार हॉटस्टार से बातचीत चल रही है। राय को ओटीटी से शानदार ऑफर मिला है और वह इसे अंतिम रूप देने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। राय का मानना है कि सिनेमाघरों की तुलना में गुड लक जेरी को ओटीटी पर बेहतर और बड़ी रिलीज मिलेगी। गुड लक जैरी राय की तीसरी फिल्म होगी, जो सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी की राह पकड़ेगी। पहले उनकी फिल्म हसीन दिलरूबा नेटफ्लिक्स पर आई थी। आखिरी बार राय की धनुष, सारा अली खान और अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म अतरंगी रे हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई थी। जान्हवी की भी यह पहली फिल्म नहीं है, जो ओटीटी पर आएगी। इससे पहले उनकी फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल ने भी रिलीज के लिए डिजिटल जगत का रुख किया था। 2020 में कोरोना महामारी की पहली लहर के बीच उनकी इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया था। फिल्म में जान्हवी ने पायलट गुंजन सक्सेना का किरदार निभाया था। हालांकि, इस फिल्म की कहानी और इसमें जान्हवी का अभिनय दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आया। गुड लक जैरी एक ब्लैक कॉमेडी क्राइम फिल्म है। यह 2018 में आई फिल्म तमिल कोलामावू कोकिला का हिंदी रीमेक है। इस फिल्म में नयनतारा ने लीड रोल निभाया था। अब जाह्नवी को नयनतारा के रोल में उतरते हुए देखना दिलचस्प होगा। इस फिल्म में दीपक डोबरियाल, मीता वशिष्ट, नीरज सूद और सुशांत सिंह भी अहम किरदार में नजर आएंगे। पिछले साल ही इस फिल्म से जान्हवी का लुक रिलीज हो गया था, जो दर्शकों को बेहद पसंद आया था। जाह्नवी की बाकी फिल्मों की बात करें तो वह मिली नाम की फिल्म में नजर आएंगी, जिसके निर्माता उनके पिता बोनी कपूर हैं, जबकि माथुकुट्टी जेवियर फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। मिली मलयालम फिल्म हेलन का हिंदी रीमेक होगी। इसके अलावा जाह्नवी करण जौहर की फिल्म दोस्ताना 2 में नजर आएंगी। वह विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म जन गण मन में भी दिखाई देंगी। तख्त और मिस्टर एंड मिसेज माही जैसी फिल्में भी जान्हवी के खाते से जुड़ी हैं।

Related Articles

Back to top button