LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशखबर 50देशप्रदेशबड़ी खबर

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के भाषण पर नगर निगम सदन में हुआ भारी हंगामा

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के भाषण पर गुरुवार को नगर निगम सदन में भारी हंगामा हुआ। बीजेपी और सपा पार्षद आमने सामने आ गए। दोनों की तरफ से सदन में जमकर नारेबाजी हुई। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सदन में कहा कि नगर निगम गुजरात की तीन कंपनियों को 15 करोड़ रुपए का लाभ पहुंचा रहा है।

नगर निगम ने जो 200 करोड़ रुपए का बांड जारी किया था उसके ब्याज का 15 करोड़ रुपए गुजरात की कंपनियों को दिया जा रहा है। विधायक ने सदन में दावा किया कि अगर उनकी बात गलत निकले तो वह सभा में तुरंत माफी मांगने को तैयार हैं। उनकी इस बात पर बीजेपी पार्षद खड़े हो गए और हंगामा करने लगे। बीजेपी पार्षदों का कहना था कि सपा सरकार ने ही इको ग्रीन कंपनी को शहर में कूड़े की जिम्मेदारी दी गई थी। यह कंपनी बड़े घपले कर रही है। उधर सपा तथा कांग्रेस पार्षदों का कहना था की इकोग्रीन को भी बीजेपी ने मौका दिया था।

इसको लेकर दोनों पक्षों में भारी हंगामा होने लगा। कांग्रेस पार्षद भी सपा के पक्ष में खड़े हो गए। हंगामा शांत ना होने पर महापौर ने सदन स्थगित कर दिया। महापौर के सदन से बाहर निकल जाने के बावजूद पार्षद हटने को तैयार नहीं थे। दोनों तरफ के पार्षद सदन में खड़े होकर देर तक हंगामा करते रहे। नगर निगम के सभी अधिकारी भी बाहर निकल गए हैं। विधायक ने कहा पूरे शहर की सड़कें खराब पड़ी हैं। जनता परेशान है। स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इन्हें ठीक नहीं कराया जा रहा है। जो नए 88 गांव शामिल हुए उनकी भी हालत बेहद खराब है।

Related Articles

Back to top button