दिल्ली एनसीआरप्रदेश

केंद्र सरकार ने दिल्ली में रहने वाले पुरबिया लोगों को अपने साथ जोड़ने की शुरू की मुहीम

नई दिल्ली। दिल्ली में रहने वाले पुरबिया लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए भाजपा ने मुहिम शुरू कर दी है। इसमें पूर्वांचल मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके कार्यकर्ता घर-घर जाकर नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करेंगे। अक्टूबर में पूर्वांचल के लोगों की बड़ी रैली करने शक्ति प्रदर्शन करने की भी तैयारी है। इसकी रणनीति बनाने के लिए दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा की बैठक अध्यक्ष मनीष सिंह की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में मंडल स्तर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए, जिन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। मनोज तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है साफ नीयत, सबका समग्र विकास और पारदर्शी सरकार। उन्होंने कहा कि सड़कों की कमी से पूर्वांचल का विकास रुका हुआ था। मोदी सरकार ने इस कमी को दूर कर दी है, जिससे पूर्वांचल में विकास के नए अवसर आने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष इतना हताश हो गया है कि वह राजनीति को धर्म से जोड़ने वाले प्रत्याशियों को भी अपना समर्थन देता है। उत्तर प्रदेश के कैराना उपचुनाव में विजयी उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने अपनी जीत को अल्लाह की जीत बताया। यह लोकतंत्र का अपमान है, क्योंकि उनकी बात से ऐसा लगता है मानो उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं के सहारे विजय पाई है।

प्रदेश सहप्रभारी तरुण चुघ ने कहा कि पूर्वांचल राष्ट्रभक्तों एवं कर्मवीरों की भूमि है। पूर्वांचल के लोगों की दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। मनीष सिंह ने कहा कि पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ता दिल्ली की सभी सातों संसदीय क्षेत्रों में दोपहिया वाहन रैली निकालकर व अन्य तरीके से पूर्वांचल के लोगों के बीच मोदी सरकार का प्रचार करेंगे।

दिल्लीवासियों से भी संवाद करेंगे पीएम

केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच से आठ जून तक सीधा संवाद करेंगे। चार दिनों तक प्रधानमंत्री सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े दस बजे तक वीडियो कान्फ्रेंसिंग व नरेंद्र मोदी एप के माध्यम से लोगों के साथ संवाद करेंगे। दिल्ली में भी लाभार्थी प्रधानमंत्री से संवाद कर सकें इसके लिए प्रदेश भाजपा ने तैयारी पूरी कर ली है। मंडल स्तर पर लाभार्थियों के सम्मेलन होंगे।

इसकी जिम्मेदारी दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. महेंद्र नागपाल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अनुज शर्मा को दी गई है। गुप्ता ने बताया कि चार दिवसीय इस कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। प्रत्येक जिले में पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देशानुसार भाजपा नेता व कार्यकर्ता लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।

भाजपा ने महंगाई पर लगाई लगाम

वहीं, बुलंदशहर में भाजपा सांसद एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। मात्र चार वर्ष में सरकार ने वे काम कर दिए, जिन्हें कांग्रेस 48 वर्ष में भी नहीं करा पाई। गांव चंदियाना में बब्बन खां की डेयरी पर पहुंचे मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गरीबों के लिए दाल, टमाटर और खाद्य वस्तुएं काफी सस्ती हुई हैं। प्रदेश में उपचुनाव में हार के सवाल पर कहा कि कुछ स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता में रोष था। उन पर काम भी शुरू किया गया लेकिन अचानक चुनाव हो जाने से जनता को जानकारी नहीं हो पाई।

Related Articles

Back to top button