LIVE TVउत्तर प्रदेशखबर 50जीवनशैलीट्रेंडिगदिल्ली एनसीआरबड़ी खबरविदेश

यूसीसी विधेयक पारित होने पर भाजपा कार्यालय में धामी का हुआ भव्य स्वागत

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पास करने के बाद भव्य स्वागत हुआ। पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के मध्य धामी ने कहा कि भाजपा की उत्तराखंड सरकार ने जनता से किया गया एक सर्वाधिक महत्वपूर्ण वादा समान नागरिक संहिता कानून के रूप में पूर्ण किया है। निश्चित रूप से यह कानून पूरे भारत में लागू होगा। धीरे-धीरे सभी राज्य इसको अपनाएंगे और पूरे देश को समान नागरिक संहिता कानून से आच्छादित किया जाएगा।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद दुराचार, अनाचार, विषमता, असमानता सब कुछ दूर हो जाएगी। मातृशक्ति के लिए यह बिल सर्वाधिक महत्वपूर्ण साबित होगा, जिस देश में मातृशक्ति की पूजा होती है, वहां संपन्नता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता कानून से इस व्यवस्था का परिपालन होगा। डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे वरिष्ठ जनों ने एक समान कानून होना चाहिए, इस बात की परिकल्पना वर्षों पूर्व कर दी थी। धामी ने कहा कि हमें जानकारी दी गई है कि राजस्थान में भी इस बिल पर चर्चा प्रारंभ हो गई है। निश्चित रूप से यह बिल समूचे समाज के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने इस अवसर पर, यूसीसी कानून लागू करने वाली संस्था का आभार प्रकट करते हुए कहा कि 2,33,000 सुझाव आए। जबकि 10,000 लोगों से सीधे संवाद किया था। यह देश का पहला ऐसा कानून है, जो जनता के माध्यम से लागू हुआ। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में प्रदेश के लोगों को जागरूक बनाने के लिए अब मंडल स्तर पर बैठके होगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच भी हमारे कानून निर्माण समिति के लोग पहुंचे और उनके भी विचार रखें, जिसके कारण यह एक बेहतर व्यवस्था कानून बना है, जिस देश की जनता वर्षों से चाहती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के माध्यम से नारी शक्ति का सम्मान किया गया है। महिलाएं हर क्षेत्र में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है, उनकी यह बढ़ोतरी लगातार अग्रसर होती रहे यह अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस अवसर पर, हिमालय की सराहना करते हुए कहा कि हिमालय प्रहरी की भांति पूरे देश की रक्षा कर रहा है। वही गंगा-जमुना जैसी नदियां पूरे देश को सिंचित कर रही है। यह सर्वाधिक महत्वपूर्ण कानून होने वाला है। वैसे भी 30 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू कर दिया है। हमने आज 10 प्रतिशत आंदोलनकारी आरक्षण को भी लागू कर दिया है। लोगों के लिए अब रास्ता बन गया है। उत्तराखंड के लिए आज विशेष दिन है, जो हम सब के मार्गदर्शन और हमारे मनोबल का बढ़ाने का काम करेगा। धामी ने कहा कि हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने केदारनाथ में कहा था कि तीसरी सदी उत्तराखंड की होगी। उन्होंने कहा कि आज देवभूमि से पारित हुआ यह कानून निश्चित रूप से उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल यूनिवर्सल सबमिट में साढे तीन लाख से अधिक अनुबंध किए हैं। बीच में व्यवस्था के सुधारीकरण के कारण हमारी सड़के अच्छी हुई उत्तराखंड के हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है।

धामी ने कहा कि जी-20 हो या अन्य सम्मेलन, चार धाम हो या सड़कों को जोड़ने का कार्य स्माटर् सिटी हो और या अन्य तेज गति से होने वाले काम हमें प्रेरणा देते हैं, प्रोत्साहित करते हैं और हमारे कर्तव्य बोध को जगाते हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के सभी विधायकों तथा मंत्रियों को बधाई का मौका है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। वह हर व्यक्ति हर विधायक ने अपने संदेश में यह स्पष्ट कर दिया है कि समान नागरिक संहिता कानून क्यों जरूरी था। उन्होंने कहा कि एक देश एक कानून इसका श्रेय उत्तराखंड से प्रारंभ होने वाले इस कानून के माध्यम से मुख्यमंत्री को जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता ने इस तरह की अपेक्षा पहले ही की थी। अब हम मंडल स्तर पर आभार कार्यक्रम आयोजित करेंगे ताकि हमारे मुख्यमंत्री तथा विधायकों का मनोबल बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि यह कानून देव भूमि के स्वरूप के अनुरूप है। गांव चलो अभियान के अंतर्गत भी इसका प्रचार प्रसार किया जाएगा और इसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर संभव प्रयास किया इसे रोकने का प्रयास किया, जो सफल नहीं हुआ।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि हमने जनता से जो वादा किया, उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व गोवा ने इस यूसीसी को लागू किया था। अब उत्तराखंड से यह लागू हुआ है। उन्होंने कहा कि 63 विधायकों ने इसमें चर्चा की, जो अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम विधायकों का भी इसमें समर्थन मिला है। निर्दलीय तथा बसपा ने भी व्यक्तिगत स्तर पर इसका समर्थन किया है, जो अपने आप में काफी महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button