दूरस्थ शिक्षा का क्षेत्र बहुत व्यापक- प्रोफेसर सत्यकाम

प्रयागराज। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के छात्र-छात्राओं के भ्रमण दल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के शैक्षणिक क्रियाकलापों एवं दूरस्थ शिक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण दल में बीबीएयू के
स्कूल ऑफ होम साइंस के अंतर्गत खाद्य एवं पोषण विभाग के एमएससी के तकरीबन 60 छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय का भ्रमण किया।
भ्रमण दल के सदस्यों का स्वागत विश्वविद्यालय पहुंचने पर स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा की प्रभारी प्रोफेसर मीरा पाल ने किया। इस अवसर पर लोकमान्य तिलक शास्त्रार्थ सभागार में आयोजित समारोह में कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि दूरस्थ शिक्षा का क्षेत्र बहुत व्यापक है। परंपरागत शिक्षण संस्थान में अध्ययन करते हुए छात्र-छात्राएं मुक्त विश्वविद्यालय के रोजगार परक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की एक जिला एक उत्पाद योजना अत्यंत उत्साहवर्धक योजना है। इसमें विश्वविद्यालय के छात्रों को रुचि लेनी चाहिए तथा अनुसंधान का क्षेत्र और व्यापक बनाना चाहिए।
इस अवसर पर बीबीएयू से आए शिक्षक प्रतिनिधियों डॉ माधुरी डेनियल एवं डॉ आशीष कुमार जाटव ने कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के प्रति विश्वविद्यालय का भ्रमण कराने के लिए आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने सरस्वती परिसर में अटल प्रेक्षागृह, योग मंडपम, केंद्रीय पुस्तकालय, जंतु विज्ञान प्रयोगशाला, सेन्टर फॉर ऑनलाइन एजुकेशन में ऑनलाइन रिकॉर्डिंग की गतिविधियां देखी।



