Main Slideउत्तर प्रदेशखबर 50प्रदेशबड़ी खबर

परिवार को बंधक बनाकर 40 लाख की डकैती, शोर मचाने पर बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा ठूसकर पीटा

मेरठ(आरएनएस )। मेरठ के सौंदत गांव में बीती रात डकैती की वारदात ने स्थानीय लोगों को दहला दिया है। चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने घर की बुजुर्ग महिला से मारपीट भी की। पुलिस ने आकर मामले की जांच की और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात चार नकाबपोश बदमाश सुनियोजित तरीके से गांव के इसरार के मकान में दाखिल हुए। उन्होंने घर की सेफ और अलमारी में रखे करीब 17 लाख रुपये, सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। मकान के एक अन्य कमरे में सो रही 75 वर्षीय महिला अल्ला की नींद खुल गई।

आहट सुनकर जब उन्होंने बाहर आकर देखा और शोर मचाया तो एक बदमाश ने फौरन उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लिया। फिर अपने तीन अन्य साथियों के साथ लाखों की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीआईजी कलानिधि नैथनी, एसएसपी अविनाश पांडे, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र और सीओ मवाना पंकज लवानिया पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

लोग इस घटना से आक्रोशित थे। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। खुलासे के लिए एक टीम गठित की गई है।
पीड़ित परिवार का बयान और अनुमानित नुकसान
पीड़ित इसरार ने बताया कि लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण उनकी तीन पुत्रवधुओं के थे। इस डकैती में 35 से 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button