LIVE TVखबर 50देशबड़ी खबर

कटरा बाजार में भक्ति की बही गंगा: 15वें विशाल मां भगवती जागरण में उमड़ा जनसैलाब

कटरा बाजार,गोण्डा। नगर पंचायत कटरा बाजार में शुक्रवार की रात श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब हिन्दू नवयुवक सेवा समिति के तत्वावधान में पंद्रहवां विशाल मां भगवती जागरण रामलीला मैदान स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर तिराहे के प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरी रात भजन-कीर्तन के बीच भक्तिमय माहौल में डूबे रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य आयोजक सचिन रस्तोगी एवं निकेश रस्तोगी द्वारा मां शेरावाली की विधिवत आरती के साथ किया गया। इस दौरान सभी आमंत्रित कलाकारों को चुनरी भेंट कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के यजमान विनय तिवारी रहे, जिन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की मंगलकामना की। जागरण की शुरुआत बाराबंकी के फतेहपुर से आए मां उजली देवी सेवा संकीर्तन ग्रुप के प्रखर शर्मा द्वारा गणेश जी की आकर्षक झांकी एवं गणेश वंदना से हुई। जैसे ही भजनों की स्वर लहरियां गूंजनी शुरू हुईं, पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। इसके बाद लखनऊ की सुप्रसिद्ध भजन गायिका वर्तिका तिवारी ने “चलो बुलावा आया है, मैया ने बुलाया है” जैसे भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं गोंडा के पंडित रोहित शर्मा ने अपने जोशीले भजनों “जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, यूपी में फिर से हम भगवा लहराएंगे” और “बम बम बोल रहा है काशी” से पूरे माहौल में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण लखनऊ के सूरज सांवरे झांकी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत भव्य झांकियां रहीं, जिनमें भगवान शिव-पार्वती, हनुमान जी, मां महाकाली, श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की जीवंत झलकियां दिखाई गईं। इन झांकियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और लोग देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। इसके अलावा आकाश गुप्ता सहित अन्य कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। मंच संचालन राजेश निगम द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुसंगठित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर क्षेत्रीय  जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही, जिनमें, मैन मिश्र, अर्जुन प्रसाद तिवारी, उमेश तिवारी, अमन पांडेय, रामजी, आनंद शुक्ल, पूर्व चेयरमैन मुजीबुल हसन सुबराती, राजू रस्तोगी सहित अन्य लोग शामिल रहे। पूरी रात चले इस जागरण कार्यक्रम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मां भगवती के जयकारों, भजनों और झांकियों के बीच श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button