LIVE TVखबर 50बड़ी खबर

वैवाहिक सीजन में गैस सिलेंडर की बढ़ी किल्लत-उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

अयोध्या। वैवाहिक सीजन के दौरान गैस सिलेंडर की भारी किल्लत एवं उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को लेकर आज महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।जिसमें शहर में गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति, विलंबित डिलीवरी तथा फर्जी डिलीवरी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में वैवाहिक कार्यक्रमों की अधिकता के बावजूद आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि कई गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। कागजों में डिलीवरी दिखाकर वास्तविक वितरण नहीं किया जा रहा, जो अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, डिलीवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए तथा दोषी एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने कहा कि जिन परिवारों में विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं, उनके लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सेवा दल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा,जिओ हैदर,पूर्व सभासद जनार्दन मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर,अशोक कुमार राय,विवेक प्रताप शर्मा, कल्लू शर्मा, वीरू सिंह, अनिल सोनकर,विशाल दुबे, सतीश सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button