अवध विवि में कुलपति का औचक निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बुधवार दोपहर प्रशासनिक भवन के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन करने के निर्देश दिए। कुलपति ने लेखा अनुभाग, भंडार, परीक्षा अनुभाग तथा नामांकन का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्य प्रभारियों और कर्मचारियों से पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए फाइलों का शीघ्र निस्तारण आवश्यक है।
इसके अलावा कुलपति ने संबद्धता, गोपनीय, शैक्षणिक एवं उपाधि अनुभागों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके उपरांत सामान्य प्रशासन, जनसूचना तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अनुभाग का भी निरीक्षण किया गया। कुलपति ने निर्देशित किया कि फाइलों को समय से निस्तारित कराया जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कुलपति ने सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेंदु शुक्ल, उपकुलसचिव ए के गौतम सहित अन्य उपस्थित रहे।



