LIVE TVदेशप्रदेशबड़ी खबर

 शिक्षिका का वीडियो बनाने का आरोप, विरोध पर छेड़छाड़ व मारपीट, आरोपी शिक्षक पर मुकदमा दर्ज

गोण्डा 25 अप्रैल। शिक्षा क्षेत्र नवाबगंज  के एक कम्पोजिट विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षिका के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

       अयोध्या निवासी पीड़िता ने बताया कि वह शिक्षा क्षेत्र के एक कम्पोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उसी विद्यालय में मोहम्मद रशीद अंसारी भी सहायक अध्यापक के रूप में तैनात हैं।

     आरोप है कि गत शुक्रवार सुबह जब वह अपने पति समीर कुमार पांडेय के साथ बाइक से विद्यालय पहुंचीं, तभी आरोपी शिक्षक उनका वीडियो बनाने लगा। शिक्षिका के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया और वीडियो बनाने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया।

         पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की और आपत्तिजनक ढंग से शरीर को छूने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट भी की। शोर सुनकर विद्यालय के अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया।

       बताया गया कि घटना के बाद आरोपी शिक्षक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी की इस प्रकार की हरकतों की शिकायत पूर्व में भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से की जा चुकी है।

       थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित शिक्षिका की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button