शराब पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

लखनऊ। राजधानी के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शराब और मुर्गा पार्टी के बहाने युवक को सुनसान मैदान में बुलाकर उसकी कनपटी पर तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और मृतक के मोबाइल फोन बरामद कर लिये हैं।पुलिस के अनुसार 06 मई 2026 को वादी जितेन्द्र कुमार यादव निवासी रेवतापुर सकूरपुर थाना पीजीआई ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में तहरीर देकर अपने भाई सचिन यादव की हत्या तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस संबंध में थाना सुशांत गोल्फ सिटी पर मुकदमा संख्या 0288/2026 धारा 103(1), 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।घटना के खुलासे के लिए थाना स्तर पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा सर्विलांस सेल को भी जांच में लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 05 मई को अवध विहार योजना सेक्टर-8 स्थित खाली मैदान में मिली सचिन यादव की लाश के मामले में कमल यादव और संतोष यादव संदिग्ध हैं। दोनों को घटना से पहले मृतक के साथ शराब और मुर्गा पार्टी करते हुए देखा गया था।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को सेक्टर-8 अवध विहार योजना से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू निवासी देवामऊ थाना सुशांत गोल्फ सिटी तथा संतोष कुमार यादव निवासी धावाहार थाना सुशांत गोल्फ सिटी बताया।पुलिस पूछताछ में आरोपी कमल सिंह यादव ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि भट्ठा चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान के पास उसके रिश्तेदार संतोष कुमार यादव ने गुटखा, सिगरेट और पानी की गुमटी लगा रखी थी। आरोप है कि सचिन यादव अक्सर सामान लेकर पैसे नहीं देता था और पैसे मांगने पर धमकाता था। इतना ही नहीं वह ग्राहकों को भी दुकान पर आने से रोकता था, जिससे संतोष को आर्थिक नुकसान हुआ और अंततः उसे अपनी गुमटी बंद करनी पड़ी।इसी रंजिश में दोनों आरोपियों ने सचिन यादव की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 03 मई को अंग्रेजी शराब ठेके के पीछे खाली स्थान पर शराब और मुर्गा पार्टी रखी गई, जिसमें सचिन यादव को भी बुलाया गया। पार्टी के दौरान आरोपियों ने सचिन को अधिक शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो दोनों उसे अवध विहार योजना सेक्टर-8 स्थित सुनसान मैदान में ले गए। वहां कमल ने पेशाब करने का बहाना किया जबकि संतोष ने सचिन को पकड़ लिया। इसके बाद कमल ने तमंचे से सचिन की कनपटी पर गोली मार दी।हत्या के बाद आरोपी सचिन को मृत समझकर मौके पर छोड़ गए और उसके दोनों मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। बाद में हत्या में प्रयुक्त तमंचे को बसेरा-2 के सामने सूखी पत्तियों के नीचे छिपा दिया तथा मोबाइल फोन नाली में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह यादव स्कूल बस चालक है, जबकि संतोष कुमार यादव गुमटी में गुटखा, सिगरेट और पानी बेचने का काम करता था।पूरे मामले के खुलासे में थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस टीम और दक्षिणी जोन सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



