
कटरा बाजार,गोण्डा। चार वर्ष पहले हुई थी शादी, एक मासूम बेटे की मां थी मृतका; पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी कटरा बाजार थाना क्षेत्र के पहाड़ापुर चौकी अंतर्गत रामगढ़ गांव में रविवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिलने की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार रामगढ़ गांव के मजरा सूबेदार पुरवा निवासी लल्ली पत्नी शिवकुमार की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के भाई खर्चू पुत्र दयाराम निवासी पदमपिछौरा, थाना हुजूरपुर जनपद बहराइच ने बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पति सहित अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है। मायके पक्ष का आरोप है कि लल्ली की मौत सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित घटना है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बताया गया कि लल्ली की शादी करीब चार वर्ष पूर्व शिवकुमार के साथ हुई थी। मृतका का तीन वर्षीय पुत्र दिव्यांश भी है। घटना के बाद मासूम बेटे और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और कई बिंदुओं पर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है। निरीक्षक अपराध मनोज पाठक ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



