LIVE TVउत्तर प्रदेशखेलबड़ी खबर

भारत-अफगानिस्तान वनडे: इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज, 15 जून तक लखनऊ पहुंचेंगी दोनों टीमें

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने तैयारियां तेज कर दी हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि मुकाबले के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम धर्मशाला में पहला वनडे खेलने के बाद 15 जून की शाम तक लखनऊ पहुंच जाएगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम भी इसी दिन शहर में पहुंचने की संभावना है। दोनों टीमें 16 जून को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।

यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि जून की भीषण गर्मी को देखते हुए दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेडियम परिसर में आने वाले दर्शकों को मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने टिकट व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि मुकाबले के लिए टिकटों की शुरुआती कीमत 599 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि प्रीमियम श्रेणी के टिकट 25000 रुपये तक उपलब्ध होंगे। टिकटों की कीमत मांग और उपलब्धता के आधार पर परिवर्तित हो सकती है।

यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने कहा कि एसोसिएशन एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की सफल मेजबानी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ में क्रिकेट प्रेमियों को शानदार अनुभव मिलेगा और भविष्य में भी इकाना स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करता रहेगा।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।

Related Articles

Back to top button