कूड़े में भोजन तलाश रही गायों की पूजा कर जताया विरोधनगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर अधिवक्ता ने कसा तंज

सुल्तानपुर(आरएनएस )। शहर की सड़कों पर लगे कूड़े के ढेरों में भोजन तलाश रहे गौवंशों की स्थिति को लेकर अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कूड़े के ढेर में भोजन खोज रही गायों की पूजा कर नगर पालिका परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि एक ओर गायों को गौमाता का दर्जा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर वे सड़कों पर कूड़ा और पॉलीथिन खाने को मजबूर हैं। नगर पालिका पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मानो गौवंशों के लिए असीमित एवं निशुल्क चारे की व्यवस्था कर दी गई हो, लेकिन यह चारा उनके लिए जानलेवा साबित हो रहा है। राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्लास्टिक और पॉलीथिन खाने से गायों के आमाशय में कचरा भर जाता है, जिसके कारण वे गंभीर बीमारियों का शिकार होती हैं और कई बार उनकी दर्दनाक मृत्यु तक हो जाती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से शहर में नियमित कूड़ा निस्तारण, गौवंशों के लिए चारे की व्यवस्था तथा सड़कों पर फैले कूड़े के ढेरों को तत्काल हटाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या न केवल गौवंशों बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनी रहेगी।



