दुबहा बाजार चौकी में पीस कमेटी की बैठक आयोजित

दुबहा बाजार/गोण्डा। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना कौड़िया क्षेत्र की पुलिस चौकी दुबहा बाजार परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता थाना कौड़िया प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह व चौकी प्रभारी दुबहा बाजार गोलू तिवारी ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों से मुहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह पर्व शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।बैठक में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बिजली, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुलूस के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जुलूस आयोजकों से निर्धारित समय और मार्ग का पालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की गई।इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित सुझाव रखे। अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही लोगों से कहा गया कि मुहर्रम के अवसर पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए तथा पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक के अंत में सभी समुदायों के लोगों ने आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मुहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, जनप्रतिनिधि, ताजियादार, कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र के व्यापारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



