LIVE TVखेल

सैफ के तूफान से लखनऊ फाल्कन्स की जीत, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचाबारिश से बाधित मैच में काशी रुद्रास को डीएलएस से 14 रन से दी शिकस्त

लखनऊ। मोहम्मद सैफ (89 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में काशी रुद्रास को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 14 रन से पराजित किया।

लखनऊ फाल्कन्स इस तरह छह मैचों में तीन जीत के चलते 6 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। हालांकि पिछली विजेता काशी रुद्रास के भी 6 मैचों में तीन जीत के चलते 6 अंक है लेकिन लखनऊ को बेहतर नेट रन रेट का फायदा मिला। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लखनऊ के तूफानी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ को दिया गया।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने  टॉस कराकर और  पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यूपी टी20 लीग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनके खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होती है तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होती हैं।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार तालमेल देखने को मिल रहा है। इससे प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

औपचारिक शुरुआत के बाद काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 174 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

टीम को मोहम्मद सैफ व हिमांशु सिंह की  सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई। सैफ ने आक्रामक पारी खेलते हुए 57 गेंदों पर 3 चौके व सात छक्के से 89 रन की आतिशी पारी खेली।
वही हिमांशु सिंह ने 22 गेंदों पर 36 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। 

हिमांशु सिंह करन शर्मा की गेंद पर सुनील के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद मोहम्मद सैफ ने मैदान के चारों ओर आक्रामक शॉट लगाते हुए प्रतिद्वंद्वी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्हें आखिरी ओवर में सुनील कुमार की गेंद पर सब्स्टीट्यूट उवैस अहमद ने कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा।

विप्रज निगम (16),  अजीत वर्मा (13)  और अक्षु बाजवा (12) ने उपयोगी योगदान किया। काशी रुद्रास की ओर से अटल बिहारी राय ने उपयोगी गेंदबाजी करते हुए इन तीनों बल्लेबाजों के विकेट लिए। उन्होंने अपने स्पैल मे 4 ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कप्तान करन शर्मा ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

जवाब में 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में अपने चार शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज अक्षु बाजवा ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए अपने शुरुआती स्पेल में ही काशी के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने साहब युवराज सिंह (13), करन शर्मा (0), अभिषेक गोस्वामी (2) को आउट किया। उवैस अहमद ने 29 रन बनाए जो विप्रज निगम की गेंद पर सबस्टीट्यूट प्रियम गर्ग को कैच थमा बैठे। उपेंद्र यादव (9) को भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर समीर ने कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा।

काशी रुद्रास ने 14 ओवर में पांच विकेट पर 104 रन बना लिए थे कि तभी बारिश की वजह से खेल को रोक देना पड़ा और फिर आगे का खेल संभव नहीं हो सका। उस समय डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) पार-स्कोर के आधार पर काशी रुद्रास 14 रन पीछे था जिसके चलते लखनऊ फाल्कन्स को 14 रन से विजेता घोषित किया गया। लखनऊ फाल्कन्स की ओर से अक्षु बाजवा ने 2 ओवर में महज 5 रन देकर तीन विकेट झटके।

संक्षिप्त स्कोर
लखनऊ फाल्कन्स
: 20 ओवर में 7 विकेट पर 174 रन
मोहम्मद सैफ 89 (57 गेंद, 3 चौके, 7 छक्के), हिमांशु सिंह 36 (22 गेंद)
अटल बिहारी राय 3/38, करन शर्मा 2/17
काशी रुद्रास: 14 ओवर में 5 विकेट पर 104 रन
उवैस अहमद 29,  कार्तिक यादव नाबाद 29, साहब युवराज सिंह 13
अक्षु बाजवा 3/5
परिणाम: लखनऊ फाल्कन्स 14 रन से विजेता (डीएलएस पद्धति)
मैन ऑफ द मैच: मोहम्मद सैफ (89 रन)

Related Articles

Back to top button