Main Slideउत्तर प्रदेशखबर 50जम्मू कश्मीरट्रेंडिगदिल्ली एनसीआरदेशप्रदेशबिहारबड़ी खबरविदेश

ईस्टर हमला: श्रीलंका में मुसलमानों पर हमलावर हुई भीड़, कर्फ्यू लगा

श्रीलंका के गिरिजाघरों में तीन सप्ताह बाद रविवार को सामुदायिक प्रार्थनाएं शुरू हुईं। लेकिन इसी दिन सुबह चिला शहर के कैथोलिक ईसाई समुदाय के कुछ गुटों ने स्थानीय मुसलमान दुकानदारों पर हमला कर दिया। इस भीड़ ने मस्जिद को भी निशाना बनाया। हालात काबू में करने के लिए यहां सोमवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू  लगा दिया गया है।
ईसाई बहुल आबादी वाला यह शहर श्रीलंका के पश्चिमी तट पर स्थित है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक,  शहर में कैथोलिक और मुसलमानों के बीच शनिवार से तनाव बढ़ रहा था। दोनों समुदायों के बीच कई बार टकराव हुआ। एक ईसाई महिला ने दावा किया कि उसको एक मुस्लिम की दुकान में धमकाया गया। रविवार सुबह गिरिजाघर खुलने के बाद इस इलाके में हिंसा भड़क उठी। अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिरक्ति पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं।

नेगोंबो शहर में भी हुईं झड़पें 
नेगोंबो नामक ईसाई बहुल शहर में भी इस माह के पहले सप्ताह में ईसाई और मुस्लिमों के बीच झड़पें हुईं। कई लोग घायल भी हुए। इस शहर के प्राचीन संत सेबेस्टियन चर्च में आतंकी हमला हुआ था। ईसाई और मुस्लिम समुदाय के बीच लगातार हो रही झड़पों को देखते हुए आर्कबिशप ने समुदाय को संयम बरतने को कहा था।

असुरक्षित महसूस कर रहे हैं मुसलमान 
ईस्टर हमले को अंजाम देने में स्थानीय जेहादी समूह नेशनल तौहीद जमात का हाथ होने की बात सामने आने के बाद श्रीलंका में आम मुसलमानों के प्रति नाराजगी और संदेह किए जाने की कई घटनाएं सामने आईं। जिसके बाद मुस्लिम समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

राष्ट्रपति करन चुके हैं शांति की अपील 
नेगोंबो में हुई हिंसा के बाद राष्ट्रपति सिरिसेना ने सभी से अपील की थी कि वे मुसलमानों को संदेह की नजर से न देखें, क्योंकि आतंकी एक छोटा समूह था, पूरे समुदाय को दोषी नहीं कहा जा सकता। यहां आबादी के दस प्रतिशत मुसलमान हैं।

 

 कड़ी सुरक्षा में गिरिजाघरों में हुईं सामुहिक प्रार्थनाएं 
श्रीलंका में तीन सप्ताह तक बंद रही गिरिजाघरों में रविवार की सामुहिक प्रार्थना रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। 21 अप्रैल की आतंकी घटना के बाद रविवार की प्रार्थनाओं में श्रद्धालुओं को पहचान पत्र दिखाकर गिरिजाघरों में जाने दिया। सुरक्षा की दृष्टि से गिरजाघरों की ओर जाने वाली सड़कों पर सैन्य बल और सशस्त्र पुलिसकर्मी की भारी गश्त रही। प्रार्थना परिसरों के बाहर भी सुरक्षाकर्मी तैनात थे। गिरजाघरों में जाने वाले हर व्यक्ति का पहचान पत्र देखा जा रहा था और उनकी तलाशी भी ली जा रही थी। गिरजाघरों के पास पार्किंग को प्रतिबंधित कर दिया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से कम से कम सामान लाने की अपील भी की थी।

ईस्टर हमले के मास्टर माइंड का करीबी वहाबी धार्मिक नेता गिरफ्तार 
कट्टन कुडी (श्रीलंका)| एजेंसी
श्रीलंकाई प्रशासन ने वहाबी धार्मिक शिक्षाएं देने वाले 60 वर्षीय मोहम्मद अलियर को गिरफ्तार किया है, जिसे एक धार्मिक नेता के रूप में जाना जाता है।
प्रशासन का कहना है कि ईस्टर हमले के मास्टर माइंड जहरान हाशिम और मो. अलियर करीबी थे। प्रशासन का कहना है कि अलियर ने सऊदी से पढ़ाई की है। उसने ‘सेंटर फॉर इस्लामिक गाइडेंस’ संस्था के तहत कई मदरसे खोले जो सलाफी वहाबी विचारधारा को फैलाने का काम कर रहे हैं। यह विचारधारा 2016 से पहले देश में नहीं थी।
प्रशासन को जहरान के ठिकानों से कुछ ऐसी धार्मिक किताबें भी मिलीं जो मो. अलियर द्वारा संचालित पुस्तकालयों की है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि वहाबी इस्लाम का द्वीप देश में पैर पसारना बहुत खतरनाक है। यह विचारधारा मुसलमानों को अपनी पहली तीन पीढ़ियों की मान्यता और रीतियों पर लौटने का समर्थन करती है। सऊदी सरकार इसका समर्थन करती है।

Related Articles

Back to top button