उत्तर प्रदेश

कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा- यूपी पहले उत्तम प्रदेश था, अब हत्या प्रदेश बन गया है

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि यूपी पहले उत्तम प्रदेश था, लेकिन अब ‘हत्या प्रदेश’ बनकर रह गया है। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है।

लखनऊ में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की नाक के नीचे में सनसनीखेज हिट एंड रन मर्डर केस हो रहा है। दो युवकों को गाड़ी से कुचल दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ से सटे सुल्तानपुर में तो हालात बेहद बिगड़े हैं। आज सहारनपुर में एक युवा पत्रकार और उसके भाई की हत्या कर दी गई। उत्तर प्रदेश जो उत्तम प्रदेश कहलाया जाना चाहिए था, आज हत्या प्रदेश कहलाया जा रहा है। प्रदेश की पुलिस छोटे बदमाशों के पैर में गोली मारकर दहशत फैलाने में लगी है जबकि शातिर बदमाशों को संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार आखिर कौन सी नीति पर काम कर रही है, जिससे प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि आखिर लोगों की नौकरियां क्यों जा रही हैं? ऑटोमोबाइल सेक्टर का बुरा हाल क्यों हैं?
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था। अब सरकार बताए कि इस समिट से कितने बेरोजगारों को रोजगार मिला। अखिलेश यादव ने कहा है कि श्रम ब्यूरो के सर्वे के मुताबिक पिछले 6 वर्षों में 3.7 करोड़ लोगों ने खेतीबारी करना छोड़ दिया। वहीं, बीते पांच साल में करीब 60 हजार किसानों ने आत्महत्या की है।

Related Articles

Back to top button