उत्तराखंडप्रदेश

हरीश रावत बोले, राहुल को पीएम बनाने के लिए महिला कार्यकर्ता बने दुर्गा

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, सदस्य कांग्रेस कार्यसमिति व प्रभारी असोम का पदभार संभालने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए दुर्गा बन जाएं। 

कांग्रेस पार्टी व राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह जिंदाबाद का नारा लगाते हुए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इसका संदेश समझने और इस पर अमल करने का भी आह्वान किया।

पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार देहरादून पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेसी जुटे हुए थे। 

इसके बाद कांग्रेस भवन पहुंचने तक उनका डोईवाला, हर्रावाला, भानियावाला, रिस्पना, धर्मपुर, घंटाघर व प्रदेश मुख्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सर्वमान्य नेता हैं। उन्हीं के नेतृत्व में लोकसभा का चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें संगठन ने दी है, वह उसे पूरी तरह निभाएंगे। पूरे देश में परिवर्तन की बयार शुरू हो गई है। उत्तराखंड से लेकर असोम व जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अब बदलाव देखने को मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सब मिलकर साथ चलेंगे। इससे पूर्व पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी 31 वर्ष की सेवाओं पर पार्टी ने उन्हें मान दिया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया।

रावत के स्वागत में जुटे कांग्रेसी दिग्गज

हरीश रावत के देहरादून पहुंचने पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी दिग्गज मौजूद रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक करण माहरा, हरीश धामी, मनोज रावत, फुरकान अहमद, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व विधायक राजकुमार, हेमेश खर्कवाल, राजेंद्र भंडारी व हीरा सिंह बिष्ट के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

प्रदेश अध्यक्ष ने भी किया स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी पार्टी के नए महासचिव हरीश रावत का स्वागत किया। प्रीतम सिंह उनके स्वागत में पहले से ही पार्टी मुख्यालय में मौजूद थे। उन्होंने हरीश रावत के साथ राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। उन्होंने हरीश रावत को एक बड़ा नेता बताते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ संगठन को हमेशा मिलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button