Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ में सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी आज, तैयार होगा चुनावी रोडमैप

समाजवादी पार्टी आज लखनऊ में होने वाली बैठक में बैठक में लोकसभा चुनाव समेत तीन राज्यों में होने जा रहे चुनाव का रोडमैप तैयार करेगी। इस बैठक में भाजपा के खिलाफ गठबंधन पर भी मुहर लगेगी और इसके लिए दूसरे दलों से बातचीत के लिए औपचारिक रूप से पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अधिकृत किया जाएगा। पार्टी की ओर से राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के लिए घर खरीदने का फैसला किया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस पर भी प्रस्ताव पास होना है। मुलायम का नया घर पार्टी ऑफिस के ठीक सामने होगा। पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लोक सभा चुनाव से पहले साईकिल यात्रा शुरू करना चाहते हैं। इस पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय में कल तैयारियां चलती रहीं। पार्टी के कई पदाधिकारी भी शाम तक राजधानी पहुंच गए।

आज समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बहुजन समाज पार्टी से सीटों के तालमेल पर मंथन होगा। किन सीटों पर पार्टी चुनाव को लडऩा चाहिए, बैठक में रिपोर्ट पेश होगी। पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कन्नौज से और मुलायम सिंह यादव के मैनपुरी से चुनाव लडऩे का एलान कर चुके हैं।

समाजवादी पार्टी तो बहुजन समाज पार्टी के दबदबे वाले क्षेत्र में भी कुछ सीटें चाहती हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 31 और बहुजन समाज पार्टी 34 सीटों पर दूसरे नंबर पर थी। कांग्रेस छह तथा राष्ट्रीय लोकदल व आम आदमी पार्टी भी एक -एक सीट पर दूसरे नंबर पर थी। माना जा रहा है कि अब तक के फामूर्ला के हिसाब समाजवादी पार्टी को 36 सीटें मिलनी चाहिए। बीते लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने पांच सीट जीती थी। इस बार तो बहुजन समाज पार्टी 40 सीटों से कम पर तैयार नहीं है। पार्टी की पिछली मीटिंग चार अक्टूबर को आगरा में हुई थी। 

राष्ट्रीय सचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बैठक प्रात: दस बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में शुरू होगी। इसमें प्रमुख महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव समेत अन्य पदाधिकारी और राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। बैठक में राजनीतिक, आर्थिक प्रस्तावों पर चर्चा के साथ ही चुनावी तैयारियों पर भी मंथन होगा।

बैठक में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ राज्य में होने वाले चुनावों पर भी चर्चा होगी। अखिलेश यादव मध्य प्रदेश के चुनाव को लेकर काफी गंभीर हैैं और हाल ही में वहां का दौरा भी कर चुके हैं। इसके अलावा भाजपा के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।  

Related Articles

Back to top button