मिशन शक्ति 5.0: अलीगंज में छात्राओं को महिला व साइबर अपराधों से बचाव की दी गई सीख

लखनऊ(आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना अलीगंज पुलिस टीम ने शिवलोक स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।यह कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 को आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय की छात्राओं को महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मसुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया और उनके सही व समय पर उपयोग की उपयोगिता समझाई।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1076 महिला एवं बाल सहायता, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 102 एंबुलेंस, 108 आपदा प्रबंधन और 1098 चाइल्डलाइन जैसे अहम नंबरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका और यूपी कॉप ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय बताए। जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे इन संसाधनों का सही उपयोग कर सकें।इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला एवं साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना, कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना और बिना भय के शिकायत दर्ज करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ विद्यालय प्रशासन का भी सहयोग रहा।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ का यह प्रयास नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ, जिससे छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें एक सजग, निडर व सशक्त नागरिक बनने की प्रेरणा मिली।



