
गोण्डा। जिले के विकासखंड मुजेहना अंतर्गत ग्राम पंचायत उज्जैनी कला में चल रहे खड़ंजा निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी धन से कराए जा रहे इस निर्माण में मानकविहीन, पीली व रद्दी ईंटों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, खड़ंजा निर्माण में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। नियमों के तहत खड़ंजा निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली पक्की ईंटें, निर्धारित मोटाई तथा मजबूत आधार अनिवार्य होता है, लेकिन मौके पर इसके विपरीत स्थिति देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया सामग्री से कराया जा रहा यह निर्माण कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो सकता है,जिससे न केवल आमजन को परेशानी होगी बल्कि सरकारी धन की खुलेआम बर्बादी भी होगी। आरोप है कि निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे हुए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच करेंगे? किसके संरक्षण में सरकारी मानकों को ताक पर रखकर खड़ंजा निर्माण कराया जा रहा है? ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। इस सम्बंध में ग्राम पंचायत अधिकारी प्रभाकर शुक्ला ने कहा कि जांचोपरांत कार्यवाही की जाएगी।



