हैंडपंप खराब, गांव में पानी का संकट गहराया

रामसनेहीघाट-बाराबंकी। दरियाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत अलियाबाद के बबुआपुर बेलहरी गांव में वर्षों से खराब पड़ा इंडिया मार्का हैंडपंप ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हैंडपंप बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बबुआपुर से बेलहरी मार्ग पर स्थित यह हैंडपंप राहगीरों और खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए भी एकमात्र सहारा था।
इसके खराब होने से सबसे ज्यादा दिक्कत गर्मी के दिनों में उठानी पड़ती है। पंचायत क्षेत्र में कई अन्य हैंडपंप भी बदहाल पड़े हैं, जिससे जल संकट और गंभीर हो गया है।
ग्राम पंचायत अधिकारी राधेश्याम मिश्रा ने बताया कि मौके की जांच कराई जाएगी। मरम्मत संभव होने पर हैंडपंप दुरुस्त कराया जाएगा, अन्यथा नया हैंडपंप लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।



