LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशखबर 50देशप्रदेशबड़ी खबर

मोदी–ट्रंप कथित ट्रेड डील के विरोध में प्रदेशभर में आप का प्रदर्शन, लखनऊ में कार्यकर्ता गिरफ्तारप्रधानमंत्री नरेंद्र

मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए कथित ट्रेड डील को देश की संप्रभुता, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों पर हमला बताते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया गया। ललितपुर, गाजियाबाद, बहराइच, बागपत, जालौन, मुजफ्फरनगर, चंदौली, वाराणसी, आगरा, बदायूं, मैनपुरी, मेरठ, कानपुर, मुरादाबाद और सहारनपुर सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक साथ प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे।

इसी क्रम में लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जिलाध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान आप ऑटो विंग के प्रदेश अध्यक्ष प्रीत पाल सलूजा की पगड़ी पुलिस द्वारा उतारी गई, जिसे सिख समाज का अपमान बताया गया।पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कथित समझौता भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी हितों के लिए खोलने, रूस से सस्ता तेल खरीदने पर रोक लगाने और व्यापारिक असमानता थोपने की साजिश है। जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि नई ट्रेड डील के तहत भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाने और अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में टैक्स फ्री प्रवेश देने की बात सामने आई है, जो देश के किसानों के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि यह ट्रेड डील नहीं बल्कि ‘थ्रेट डील’ है और इसे तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।इरम रिजवी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने रूस से सस्ता तेल खरीदने के बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से महंगा तेल खरीदने का निर्णय लिया है, जिससे देश पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि भारत रूस से तेल खरीदेगा तो अमेरिका द्वारा 25 प्रतिशत टैक्स लगाने की चेतावनी दी गई है, जो देश की संप्रभुता पर प्रश्नचिह्न है।निवर्तमान महासचिव दिनेश पटेल ने कहा कि भारत के कपड़ा उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स और बांग्लादेश के उत्पादों पर शून्य टैक्स की बात सामने आ रही है, जिससे व्यापारिक असमानता बढ़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि देश को कथित समझौते की शर्तों की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।

आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि कथित मोदी–ट्रंप ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, ताकि किसानों और देश की आर्थिक संप्रभुता की रक्षा की जा सके। पार्टी ने प्रशासन द्वारा प्रदर्शन रोकने की कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताया और कहा कि जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।प्रदर्शन के दौरान दिनेश पटेल, प्रीतपाल सिंह सलूजा, फरजाना परवीन, सुरभि, प्रेरणा, रईसा, अभिषेक सिंह, प्रियंका श्रीवास्तव, प्रखर श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, तुषार श्रीवास्तव, ललित बाल्मीकि, अंकित परिहार, पीके बाजपेई, ज्ञान सिंह, बलराम साहनी और फुरकान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button