LIVE TVMain Slideखबर 50देशबड़ी खबर

सीएचसी अधीक्षक पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग

श्रावस्ती। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरसिया में तैनात अधीक्षक डॉ० प्रवीन कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग उत्तर प्रदेश शासन सहित देवीपाटन मंडल के आयुक्त, अपर स्वास्थ्य निदेशक तथा जिलाधिकारी श्रावस्ती को शिकायत भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार डॉ० प्रवीन कुमार, जो मूल रूप से बिहार के बांका जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं, ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध रूप से भारी संपत्ति अर्जित की है। आरोप है कि उनके पास विभिन्न स्थानों पर भूमि, भवन, बैंक खातों में बड़ी धनराशि और अन्य निवेश मौजूद हैं, जिनका स्रोत संदिग्ध बताया जा रहा है और यह उनकी घोषित आय से मेल नहीं खाता। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सीएचसी सिरसिया में कार्यों के संचालन में अनियमितताएं की जा रही हैं और पद का दुरुपयोग कर निजी लाभ अर्जित किया जा रहा है। इससे न केवल स्वास्थ्य विभाग की छवि प्रभावित हो रही है बल्कि आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच सतर्कता विभाग अथवा भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस/एसीबी) से कराए जाने की मांग की है। साथ ही संबंधित अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और आय के स्रोतों की गहन जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना होगा कि शासन और जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप के मामले में क्या कदम उठाता है और क्या वास्तव में पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button